प्रतिनिधि रजौली. रजौली मुख्यालय स्थित अनुमंडलीय अस्पताल में गुरुवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. इस शिविर का आयोजन प्रत्येक माह के 9 तारीख को किया जाता है. इस बार शिविर में कुल 241 गर्भवती महिलाओं का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया. शिविर का नेतृत्व अस्पताल के प्रभारी डीएस डॉ. दिलीप कुमार ने किया. इस दौरान डॉ. परितोष कुमार, डॉ. निवेदिता कुमारी और डॉ. सूरज कुमार भी मौजूद रहे. चिकित्सकों की टीम ने गर्भवती महिलाओं की बारी-बारी से जांच की. जांच के लिए अस्पताल में अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे ताकि महिलाओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो. शिविर में गर्भवती महिलाओं का बीपी, शुगर, वजन, ऊंचाई और ब्लड टेस्ट सहित अन्य जरूरी जांचें की गईं. चिकित्सकों ने जांच रिपोर्ट के आधार पर जरूरतमंद महिलाओं को कैल्शियम और आयरन की दवाइयां भी दीं. साथ ही उन्हें गर्भावस्था के दौरान खान-पान में पोषक तत्वों को शामिल करने और नियमित जांच कराने की सलाह दी गई. डॉ. दिलीप कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव और बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है. उन्होंने सभी गर्भवती महिलाओं से अपील की कि वे नियमित अंतराल पर स्वास्थ्य जांच कराएं और किसी भी प्रकार की दिक्कत होने पर तुरंत अस्पताल से संपर्क करें. शिविर में बड़ी संख्या में पहुंची गर्भवती महिलाओं ने स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन की इस पहल की सराहना की.
रजौली अस्पताल में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व शिविर, 241 गर्भवती महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच
रजौली अनुमंडलीय अस्पताल में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत शिविर का आयोजन, 241 गर्भवती महिलाओं की हुई विस्तृत स्वास्थ्य जांच और परामर्श।

फोटो :- स्वास्थ्य जांच के दौरान गर्भवती महिलाएं एवं स्वास्थ्यकर्मी | Prabhat Khabar Network