Nawada News: जिले में बिजली चोरी के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत विद्युत विभाग की टीम ने शहर के दो अलग-अलग प्रतिष्ठानों में बिजली चोरी के मामले पकड़े हैं. जांच के दौरान कहीं मीटर को बाइपास कर, तो कहीं मेन इनपुट वायर में टैपिंग कर बिजली की खपत करने का मामला सामने आया. दोनों मामलों में विभाग ने नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है. विभागीय आकलन के अनुसार, दोनों मामलों में बिजली कंपनी को करीब 14.82 लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई है.
मीटर को बाइपास कर लगाया गया टू-वे स्विच
विभागीय आवेदन के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर विद्युत अधिकारियों की टीम ने शहर के कलाली रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में छापेमारी की. जांच के दौरान पाया गया कि परिसर में लगे विद्युत मीटर को बाइपास कर बिजली का उपयोग किया जा रहा था. मीटर से छेड़छाड़ कर उसे बाइपास करने के लिए टू-वे स्विच लगाया गया था. इसके माध्यम से विद्युत मीटर की रीडिंग को प्रभावित कर बिजली की चोरी की जा रही थी.
जांच के दौरान प्रतिष्ठान में लगे कनेक्शन का उपभोक्ता संख्या 10832479 पाया गया. विद्युत विभाग के अनुसार, मौके पर कुल 17,275 वाट का विद्युत भार दर्ज किया गया. चोरी की गयी बिजली के आकलन के आधार पर 8,55,851 रुपये की क्षति बतायी गयी है. इसके अतिरिक्त 19,625 रुपये की अन्य देय राशि भी निर्धारित की गयी है. इस तरह कुल 8,75,476 रुपये की आर्थिक क्षति का आकलन किया गया है.
मेन इनपुट वायर में टैपिंग कर हो रही थी बिजली चोरी
दूसरे मामले में भी छापेमारी के दौरान बिजली चोरी पकड़ी गयी. टीम ने पाया कि प्रतिष्ठान में लगे मीटर से पहले मेन इनपुट वायर में टैपिंग कर बिजली का उपयोग किया जा रहा था. इससे विद्युत मीटर में दर्ज होने वाली खपत को प्रभावित किया जा रहा था. विभाग के अनुसार, संबंधित परिसर का उपभोक्ता संख्या 108332479 है. जांच में कुल 7,426 वाट का विद्युत भार पाया गया.
विभागीय आकलन में बिजली चोरी के कारण 5,98,905 रुपये की आर्थिक क्षति बतायी गयी है. इसके अलावा 8,422 रुपये का पुराना बिजली बिल भी बकाया पाया गया. इस प्रकार इस मामले में कुल 6,07,327 रुपये की राशि की वसूली की जानी है.
जांच के दौरान जुटाये गये साक्ष्य, वीडियो रिकॉर्डिंग भी करायी
विद्युत विभाग की टीम ने दोनों स्थानों पर जांच के दौरान बिजली चोरी से संबंधित साक्ष्य जुटाये. दूसरे मामले में घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी करायी गयी, जिसे प्राथमिकी के आवेदन के साथ संलग्न किया गया है. विभाग ने विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 135 समेत अन्य सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध नगर थाना से किया है. बिजली चोरी के खिलाफ विभाग की लगातार कार्रवाई से अवैध कनेक्शन लेने और मीटर से छेड़छाड़ करने वालों में हड़कंप है.
Also Read: नवादा में सस्ते लोन का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाला गिरफ्तार, मोबाइल-सिम और कार बरामद
