Nawada News (दशरथ मिस्त्री) : सोमवार की देर शाम में कौआकोल थाना क्षेत्र के बिंदिचक गाँव के टोला आजादनगर निवासी लखन पासवान के 55 वर्षीय पुत्र राजाराम पासवान को जंगली हांथी ने कुचल कर मार डाला है. ग्रामीणों ने विरोध में कौआकोल- रोह मुख्य पथ को जाम कर दिया है.
रात में फसल की सिंचाई करने गया था किसान, तभी हाथियों के झुंड ने किया हमला
मृतक की पहचान मंझला पंचायत निवासी 58 वर्षीय राजाराम पासवान के रूप में हुई है. मृतक के पुत्र रामानंदन पासवान ने बताया कि उनके पिता बुधवार की रात करीब 12 से एक बजे के बीच बंदीचक बधार में मूंग की फसल की सिंचाई करने गये थे. इसी दौरान पांच से छह हाथियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया. रातभर परिजनों को घटना की जानकारी नहीं मिल सकी. सुबह जब परिजन खाना लेकर खेत पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर चीख-पुकार मच गयी. खेत में राजाराम पासवान का शव बुरी तरह कुचला पड़ा था. आसपास फसल रौंदी हुई थी और हाथियों के पैरों के निशान साफ दिखाई दे रहे थे. देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी.
घटनास्थल का मंजर देख ग्रामीणों के उड़े होश
ग्रामीणों के अनुसार हाथियों के झुंड ने खेतों में लगी मूंग की फसल और अनाज को भारी नुकसान पहुंचाया. इतना ही नहीं, मृतक के मिट्टी और छप्पर वाले घर को भी तहस-नहस कर दिया. हाथियों ने घर का अलबेस्टर तोड़ दिया, छप्पर और दरवाजा उखाड़ दिया तथा घर के किनारे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. लगातार हाथियों के आतंक से गांव में भय का माहौल बना हुआ है. लोग रात में खेत जाने से डर रहे हैं.
मृतक के परिजनों सहित ग्रामीणों ने जाम किया स्टेट हाईवे
घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे 82 को जाम कर वन विभाग और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी और यातायात प्रभावित हो गया. सूचना मिलने पर रेंजर संदीप संदिल, कौआकोल थाना के एसआई दीपक श्रीवास्तव तथा रूपौ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने काफी देर तक ग्रामीणों और परिजनों को समझाने का प्रयास किया. आश्वासन के बाद लोगों ने जाम हटाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका.
इलाके में दहशत का माहौल, वन विभाग की टीम जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि वन विभाग की टीम मामले की जांच में जुट गयी है. लगातार हो रहे हाथियों के उत्पात से इलाके के किसानों में दहशत बनी हुई है।
Also Read : 48 हजार से ज्यादा लोगों ने जनगणना के लिए की स्वघोषणा, 34 प्रतिशत से ज्यादा घरों का हुआ सूचीकरण
