होमवर्क नहीं करने पर यूकेजी छात्र की पिटाई का आरोप, परिजनों में आक्रोश, स्कूल के खिलाफ कार्रवाई की मांग

Nawada News : छात्र पिटाई कांड पर अभिभावकों का फूटा गुस्सा, प्रशासन से कार्रवाई की मांग. नीचे पढ़िए पूरी खबर.

नवादा से जावेद नजफ की रिपोर्ट
Nawada News : गोविंदपुर बाजार के कुम्हारटोली के रहने वाले एक यूकेजी छात्र के साथ सरस्वती बाल विद्या मंदिर स्कूल में कथित रूप से बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि होमवर्क पूरा नहीं करने के कारण स्कूल प्रबंधन द्वारा बच्चे को पाइप के डंडे से पीटा गया, जिससे परिजनों में आक्रोश व्याप्त है. पीड़ित छात्र की पहचान अंकुश कुमार के रूप में हुई है, जो यूकेजी का छात्र है. उसके पिता अरविंद पंडित ने बताया कि उनका पुत्र नियमित रूप से स्कूल जाता है.

बच्चे की पिटाई के बाद शिकायत दर्ज

आरोप है कि होमवर्क नहीं बनने के कारण स्कूल में उसे पाइप के डंडे से कई बार मारा गया. पिटाई से डरा-सहमा बच्चा किसी तरह स्कूल से निकलकर अपने घर पहुंचा और अपने माता-पिता तथा दादी को पूरी घटना की जानकारी दी. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन तत्काल गोविंदपुर बाजार के पोस्ट ऑफिस निकट स्थित स्कूल पहुंचे और स्कूल प्रबंधन से जवाब-तलब करने का प्रयास किया. परिजनों का आरोप है कि उनके स्कूल पहुंचने की सूचना मिलते ही स्कूल के डायरेक्टर सनी कुमार वहां से निकल गए और उनसे मुलाकात नहीं हो सकी. इसके बाद परिजनों ने स्थानीय प्रशासन से शिकायत की.

छात्र से मारपीट के आरोप पर प्रशासन सख्त, जांच के आदेश

मामले को लेकर अंचल अधिकारी से भी बातचीत की गई है. अंचल अधिकारी ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने पर पूरे मामले की जांच कराई जाएगी. जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. बीडीओ कुमार शैलेंद्र ने बताया कि छुट्टी में रहने के कारण मामले की जांच अंचल अधिकारी से कराई जाएगी. थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त होने पर दोषी के खिलाफ मुकदमा दर्ज की जाएगी.

अभिभावकों ने उठाई कड़ी कार्रवाई की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों में भी नाराजगी देखी जा रही है. लोगों का कहना है कि शिक्षा के नाम पर बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की शारीरिक प्रताड़ना स्वीकार्य नहीं है. अभिभावकों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल प्रशासन मामले की जांच की तैयारी में जुटा है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Also Read : नागपुर के बिजनेसमैन 5 करोड़ की डील करने नवादा आए, बंधक बनाकर 51 लाख ठगने की कोशिश

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: YUVRAJ RATAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >