Nawada News: नवादा जिले के गोविंदपुर उत्पाद जांच चौकी के समीप मंगलवार दोपहर उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने दूध ढोने वाली एक गाड़ी से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है. इस दौरान दो कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार करते हुए वाहन को भी जब्त कर लिया गया.
झारखंड से बेगूसराय ले जाई जा रही थी शराब
उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड की ओर से एक दूध की गाड़ी में छिपाकर विदेशी शराब बिहार लाई जा रही है. सूचना मिलते ही उत्पाद अधिकारियों ने गोविंदपुर जांच चौकी के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की. इसी दौरान वाहन संख्या BR 04 N 3654 को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली गई, तो उसमें से शराब की बड़ी खेप बरामद हुई.
93 पेटियों में 849 लीटर शराब जब्त, बेगूसराय के दो तस्कर गिरफ्तार
एसआई अशोक कुमार ने बताया कि जब्त वाहन से कुल 93 पेटियों में रखी 849 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है. मामले में बेगूसराय जिले के रहने वाले सिंटू कुमार (पिता उपेंद्र चौधरी) और अंगद कुमार (पिता राधेश्याम) को गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ में पता चला है कि शराब की यह खेप झारखंड से बेगूसराय ले जाई जा रही थी.
उत्पाद कार्यालय भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू
उत्पाद विभाग ने जब्त वाहन और दोनों गिरफ्तार आरोपियों को नवादा स्थित उत्पाद कार्यालय भेज दिया है, जहां शराब की गिनती और मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. अधिकारियों ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन से लोग शामिल हैं.
