Nawada News: शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है. इसी कड़ी में सदर अनुमंडल पदाधिकारी अमित अनुराग की अध्यक्षता में अनुमंडल कार्यालय में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए. बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-01), पुलिस उपाधीक्षक यातायात, मोटरयान निरीक्षक, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, सदर अंचल अधिकारी, राजस्व अधिकारी तथा नगर थाना के थानाध्यक्ष सहित कई संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.
एसडीओ का सख्त आदेश
बैठक में एसडीओ ने साफ कहा कि शहर में बढ़ती जाम की समस्या आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन चुकी है और इसे हर हाल में नियंत्रित करना प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रमुख चौक-चौराहों पर ट्रैफिक निगरानी बढ़ाई जाए और अवैध पार्किंग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
सड़क किनारे से हटाए जाएंगे अवैध कब्जे
प्रशासन ने माना कि बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण जाम की मुख्य वजह है. इसको देखते हुए नगर परिषद और प्रशासन के संयुक्त अभियान के तहत सड़कों के किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाने का निर्णय लिया गया. साथ ही ई-रिक्शा और ऑटो चालकों के लिए निर्धारित स्टैंड सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया.
विशेष ट्रेफिक प्लान होगा लागू
बैठक में यह भी तय किया गया कि स्कूल और कार्यालय समय के दौरान विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा, ताकि भीड़भाड़ को कम किया जा सके. एसडीओ ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए, जिससे शहरवासियों को सुगम और सुरक्षित यातायात सुविधा मिल सके.
(नवादा से बब्लू कुमार की रिपोर्ट)
Also Read: Nawada News: 85 भेड़ों के झुंड पर टूट पड़े कुत्ते, 50 की दर्दनाक मौत 13 घायल
