नवादा के रजौली में फ्रिज से निकली 254 लीटर विदेशी शराब; अनोखे ढंग से करता था होम डिलीवरी

Nawada Liquor Raid: बिहार के नवादा में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई. रजौली के जोगियामारन में रोहित कुमार के घर छापेमारी कर फ्रिज और कार्टूनों में छिपाई गई 254 लीटर झारखंड निर्मित विदेशी शराब और बियर जब्त. तस्कर गिरफ्तार. पूरी रिपोर्ट पढ़ें.

Nawada Liquor Raid (कुमार मनीष देव): बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को धरातल पर कड़ाई से लागू करने के लिए उत्पाद विभाग की टीम लगातार बड़े रैकेट का भंडाफोड़ कर रही है. इसी कड़ी में नवादा उत्पाद टीम संख्या 02 ने अवर निरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) मद्य निषेध प्रवीण कुमार के नेतृत्व में रजौली थाना क्षेत्र के जोगियामारन गांव में एक बड़ी छापेमारी की है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में एक घर के भीतर से 254.250 लीटर विदेशी शराब और बियर की बड़ी खेप बरामद की गई है. पुलिस ने मौके से मुख्य तस्कर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.

कमरे में रखे फ्रिज और कार्टूनों को खोला, तो दंग रह गए उत्पाद कर्मी

उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि बीते बुधवार को विभाग को पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि जोगियामारन गांव निवासी स्वर्गीय प्रकाश साव का 27 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार अपने घर में अवैध रूप से भारी मात्रा में विदेशी शराब का भंडारण कर उसकी सप्लाई कर रहा है. सूचना मिलते ही उत्पाद विभाग की टीम ने दल-बल के साथ रोहित के घर पर अचानक दबिश दी. जब घर के एक विशेष कमरे की तलाशी ली गई, तो वहां रखे फ्रिज और कई कार्टूनों के भीतर छिपाकर रखी गई विदेशी शराब और बियर के केन बरामद हुए, जिसे देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए.

111 लीटर ब्रांडेड बियर और 143.25 लीटर विदेशी शराब की बड़ी खेप जब्त

उत्पाद बलों द्वारा की गई गिनती के अनुसार, तस्कर के घर से 500 एमएल वाले गॉडफादर स्ट्रांग प्रीमियम बियर के 66 केन, किंगफिशर के 60 केन, कार्ल्सबर्ग बियर के 80 केन और बैड मंकी के 16 केन बरामद हुए, जिनकी कुल मात्रा 111 लीटर है.

इसके अलावा, विदेशी शराब में 750 एमएल वाले मैजिक मोमेंट लेमन फ्लेवर्ड वोडका की 13 बोतलें, आइकॉनिक व्हाइट व्हिस्की की 18 बोतलें, रॉयल ग्रीन व्हिस्की की 61 बोतलें (और 375 एमएल की 7), रॉयल स्टैग व्हिस्की की 36 बोतलें (और 375 एमएल की 21), ब्लेंडर्स प्राइड व्हिस्की की 12 बोतलें, 8 पीएम व्हिस्की की 20 बोतलें और सिग्नेचर व्हिस्की की 17 बोतलें जब्त की गई हैं. शराब की कुल मात्रा 143.25 लीटर है. खास बात यह है कि इन सभी बोतलों और केन पर ‘फॉर सेल इन झारखंड (झारखंड में बिक्री के लिए) अंकित पाया गया है.

अनोखा हथकंडा: कमर में 6 बोतलें खोंसकर बाइक से करता था होम डिलीवरी

उत्पाद विभाग की गिरफ्त में आए 27 वर्षीय तस्कर रोहित कुमार ने पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. उसने बताया कि वह पिछले तीन महीनों से झारखंड से कम दामों में शराब की खेप लाता था और रजौली व सिरदला के सीमावर्ती इलाकों में ग्राहकों को ऊंचे दामों पर होम डिलीवरी करता था. पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए वह एक ट्रिप में अपनी कमर में चारों तरफ खोंसकर 6 बोतलें तक छिपा लेता था और बाइक से सप्लाई देने निकल जाता था.

उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर रोहित कुमार के खिलाफ प्राथमिकी संख्या 571/26 दर्ज कर उसे गुरुवार को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करते हुए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब गिरफ्तार अभियुक्त के मोबाइल कॉल डिटेल्स (CDR) और उससे मिली गुप्त सूचना के आधार पर इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य बड़े चेहरों की तलाश में जुटी है, ताकि इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके.

Also Read: रोहतास में 142 फर्जी शिक्षकों की सेवा समाप्त, दिल्ली-ग्वालियर की अमान्य डिग्रियों पर कर रहे थे नौकरी, 24 घंटे में रिपोर्ट तलब

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >