नवादा में स्कूल संचालक पर जानलेवा हमले का दूसरा आरोपी गिरफ्तार, सिर पर किए थे 7 वार, 3 अब भी फरार

Nawada Crime News: रजौली में एनएच-20 टोल प्लाजा के पास स्कूल संचालक उत्पल कुमार पर जानलेवा हमला करने वाले दूसरे नामजद आरोपी सुजय कुमार उर्फ चीकू को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पूरी रिपोर्ट पढ़ें.

Nawada Crime News (कुमार मनीष देव): बिहार के नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र से पुलिसिया कार्रवाई की एक बड़ी खबर सामने आ रही है. एनएच-20 (NH-20) स्थित टोल प्लाजा के समीप अदलबिगहा मोड़ पर बीते दिनों गोकुल स्कूल के संचालक और उनके दोस्त पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने वाले दूसरे मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने पकड़े गए आरोपी की मेडिकल जांच कराने के बाद शुक्रवार को उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

16 मई की रात चाय पीने के दौरान हुआ था खूनी खेल, सिर में आए थे दो दर्जन टांके

इस सनसनीखेज वारदात की क्रोनोलॉजी को समझें तो बीते 16 मई की रात करीब 8:30 बजे मुरहेना गांव निवासी उमेश कुमार के पुत्र और स्कूल संचालक उत्पल कुमार अपने दोस्त प्रिंस कुमार (पिता- सुनील प्रसाद, निवासी भूपतपुर) के साथ अदलबिगहा मोड़ पर चाय पी रहे थे. इसी दौरान घात लगाए अपराधियों ने उन पर धारदार हथियारों और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था. उपद्रवियों ने स्कूल संचालक उत्पल कुमार के सिर पर सात जगहों पर सीधे वार किए थे, जिसके कारण उनके सिर में दो दर्जन से अधिक टांके लगाने पड़े थे. वहीं उनके दोस्त प्रिंस कुमार के कान के पीछे और शरीर पर चाकू से गहरे घाव किए गए थे. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी उत्पल के गले से सोने की चेन और उनका मोबाइल लूटकर मौके से फरार हो गए थे.

गुप्त सूचना पर रात में पुलिस ने की छापेमारी, सुजय कुमार उर्फ चीकू दबोचा गया

मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए रजौली थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने बताया कि इस जानलेवा हमले को लेकर पीड़ित के पिता उमेश कुमार ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.

इसी क्रम में गुरुवार की रात पुलिस को पुख्ता गुप्त सूचना मिली कि कांड का दूसरा नामजद आरोपी बेलाडीह गांव निवासी सीताराम यादव का पुत्र सुजय कुमार उर्फ चीकू इलाके में ही छुपा हुआ है और कहीं भागने की फिराक में है. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस बल ने त्वरित छापेमारी की और घेराबंदी कर सुजय उर्फ चीकू को दबोच लिया.

तीन आरोपी अब भी पुलिस की रडार से दूर, कुर्की-जब्ती की तैयारी

थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने स्पष्ट किया कि इस खूनी संघर्ष में शामिल पांच नामजद आरोपियों में से दो को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है, जबकि तीन आरोपी अब भी फरार चल रहे हैं. फरार आरोपियों में हिसुआ थाना क्षेत्र के मुड़कटवा गांव निवासी जितेंद्र यादव का पुत्र रविशंकर कुमार, रजौली के गंगा बिगहा गांव निवासी दिलीप यादव का पुत्र प्रदीप कुमार उर्फ पाकुम और माधो रामपुर गांव निवासी विंदा यादव का पुत्र नीतीश कुमार शामिल हैं.

पुलिस इन तीनों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. अधिकारियों ने कड़ी चेतावनी दी है कि यदि तीनों ने जल्द ही कोर्ट या थाने में आत्मसमर्पण नहीं किया, तो पुलिस न्यायालय से आदेश लेकर उनके घरों पर इश्तेहार चिपकाने और कुर्की-जब्ती करने की सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू करेगी.

Also Read: ‘ये लोग चाहते हैं कि मेरी फोटो पर माला चढ़ जाए…’, खान सर ने बताया क्यों करनी पड़ी गार्ड को फायरिंग

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >