Nawada Nagar Parishad: नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 23 स्थित स्वर्णकार सेवा सदन में कोयले की भट्ठी जलाकर धुआं और प्रदूषण फैलाने तथा रास्ता अवरुद्ध करने को लेकर विवाद सामने आया है. सेवा सदन के सचिव रामवृक्ष प्रसाद वर्मा ने थाना और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को आवेदन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है.
आवेदन में बताया गया है कि पुरानी बाजार स्थित भवन में पिंटू कुमार वर्मा नमकीन भंडार के नाम से दुकान संचालित करते हैं. सचिव के अनुसार, एकरारनामे में कोयले के चूल्हे का इस्तेमाल नहीं करने की शर्त तय की गयी थी. इसके बावजूद कथित रूप से कोयले की भट्ठी जलायी जा रही है. इससे धुआं फैलने और घनी आबादी वाले क्षेत्र में प्रदूषण की समस्या उत्पन्न होने का आरोप लगाया गया है.
बैठक के दौरान धमकी देने का भी आरोप
आवेदन के अनुसार, 2 अगस्त को दुकान और सेवा सदन के हिसाब-किताब को लेकर सुरेश प्रसाद बर्मन के आवास पर बैठक हुई थी. इसी दौरान सचिव रामवृक्ष प्रसाद वर्मा को पिंटू कुमार द्वारा कथित तौर पर गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है.
सचिव ने नगर परिषद से कोयले की भट्ठी और रास्ता अवरुद्ध करने के मामले में कार्रवाई की मांग की है. साथ ही संबंधित स्तर पर कानूनी कार्रवाई किये जाने का भी अनुरोध किया है. मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि संबंधित पक्षों और प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
