नवादा: राष्ट्रीय पोषण सप्ताह पर आरएमडब्ल्यू कॉलेज में तीन दिवसीय संगोष्ठी शुरू, आईजी विकास वैभव ने संतुलित आहार के प्रति किया जागरूक

राजेंद्र मेमोरियल वीमेंस कॉलेज में राष्ट्रीय पोषण सप्ताह पर आयोजित तीन दिवसीय संगोष्ठी में युवाओं के स्वास्थ्य और शक्तिवान भविष्य पर चर्चा हुई. आईजी विकास वैभव ने संतुलित आहार के महत्व पर प्रकाश डाला. कार्यक्रम का उद्देश्य 'स्वस्थ पोषण, उज्ज्वल भविष्य' सुनिश्चित करना है.

IG Vikas Vaibhav News: राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के अवसर पर राजेंद्र मेमोरियल वीमेंस कॉलेज में लेट्स इंस्पायर बिहार के सहयोग से तीन दिवसीय विशेष राष्ट्रीय पोषण संगोष्ठी का आयोजन किया गया. मगध विश्वविद्यालय के अंतर्गत आयोजित यह संगोष्ठी 1 से 3 सितंबर तक चलेगी. इसका विषय ‘डिस्कवर द पावर ऑफ न्यूट्रिशन फॉर यंगस्टर्स’ यानी ‘युवाओं के लिए पोषण की शक्ति की खोज’ रखा गया है.

विकसित बिहार के लिए चाहिए स्वस्थ और शक्तिवान युवा

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के साथ बिहार को भी विकसित बिहार बनाना है. इसके लिए स्वस्थ, शिक्षित और शक्तिवान युवाओं की जरूरत होगी. लेट्स इंस्पायर बिहार के माध्यम से युवाओं को जागरूक करते हुए उन्हें स्वस्थ और शिक्षित बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के निर्माण में संतुलित एवं पौष्टिक आहार की महत्वपूर्ण भूमिका है. बदलती जीवनशैली और फास्ट फूड की बढ़ती प्रवृत्ति के बीच युवाओं को सही खान-पान के प्रति जागरूक होना जरूरी है. स्वस्थ और जागरूक युवा ही समाज एवं राष्ट्र के विकास की मजबूत आधारशिला हैं.

पोषण से युवाओं को सशक्त बनाने पर जोर

कॉलेज के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार ने आईजी विकास वैभव का स्वागत किया. संगोष्ठी में शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए पोषण, बेहतर भविष्य के लिए स्वस्थ खान-पान, कार्यात्मक खाद्य पदार्थ और संतुलित आहार की भूमिका पर चर्चा की गयी. साथ ही स्वस्थ एवं मजबूत बिहार के निर्माण और पोषण के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाने पर जोर दिया गया.

विशेषज्ञ देंगे वैज्ञानिक और व्यावहारिक जानकारी

कार्यक्रम की संचालक डॉ. स्मिता ने बताया कि तीन दिवसीय संगोष्ठी के दौरान विशेषज्ञों के विचारों के माध्यम से विद्यार्थियों को पोषण से संबंधित वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक जानकारी दी जायेगी. कार्यक्रम का मुख्य संदेश ‘हेल्दी न्यूट्रिशन, ब्राइट फ्यूचर’ यानी ‘स्वस्थ पोषण, उज्ज्वल भविष्य’ है. कार्यक्रम में कॉलेज परिवार के शिक्षक, छात्राएं, कर्मी और समाज के अन्य लोग मौजूद रहे.

लोगों को सम्बोधित करते आईजी स्वागत करते कॉलेज प्रशासन | Prabhat Khabar Network

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >