नवादा के अकबरपुर में रिमझिम बारिश से किसानों में जगी उम्मीद, धान रोपनी की तैयारी तेज

नवादा जिले में हुई रिमझिम बारिश से किसानों में उम्मीद की किरण जगी है. लंबे इंतजार के बाद, किसान अब धान की रोपनी की तैयारी में तेजी से जुट गए हैं. कृषि विशेषज्ञों ने भी सही समय पर रोपनी पूरी करने की सलाह दी है.

Nawada News: नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड क्षेत्र में रविवार शाम करीब चार बजे हुई रिमझिम बारिश ने किसानों के चेहरों पर फिर से उम्मीद की मुस्कान लौटा दी है. लंबे समय से पर्याप्त बारिश का इंतजार कर रहे किसान अब धान की रोपनी की तैयारी में तेजी से जुट गए हैं.

रोपनी की तिथियां तय करने में जुटे किसान

सोमवार सुबह से ही कई किसान अपने-अपने धान की नर्सरी (मोरी) वाले खेतों का निरीक्षण करते नजर आए, ताकि खेतों में नमी और पानी की स्थिति का सही आकलन कर रोपनी की तिथि तय की जा सके. पिछले कई दिनों से बारिश न होने के कारण किसान काफी चिंतित थे. धान की तैयार नर्सरी खेतों में ही सूखी पड़ी थी और पर्याप्त पानी न मिलने से रोपनी की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पा रही थी. रविवार की इस बारिश से खेतों में नमी बढ़ी है, जिससे किसानों को अब जल्द से जल्द रोपनी पूरी होने की आस जगी है.

अनुकूल मौसम रहा तो जल्द शुरू होगी रोपनी

कझिया गांव के किसान मनोज सिंह ने बताया कि इस बारिश के बाद खेती-किसानी को लेकर एक बार फिर उम्मीद जगी है. सोमवार को उन्होंने अपने मोरी वाले खेत का जायजा लिया. उनका कहना है कि यदि अगले एक-दो दिनों तक मौसम ऐसा ही अनुकूल रहा तो धान की रोपनी बड़े पैमाने पर शुरू कर दी जाएगी. किसानों का मानना है कि यदि समय पर अच्छी बारिश होती रही तो इस वर्ष धान की पैदावार काफी बेहतर रहने की संभावना है.

विशेषज्ञों की सलाह: नमी और जल निकासी रखें दुरुस्त

वहीं, कृषि विशेषज्ञों का भी कहना है कि धान की सही रोपनी के लिए खेतों में पर्याप्त नमी बेहद आवश्यक है. उन्होंने किसानों को मौसम के पूर्वानुमान पर नजर बनाए रखते हुए समय पर रोपनी पूरी करने और खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखने की सलाह दी है, ताकि पौधों को कोई नुकसान न पहुंचे.

Also Read: नवादा में दो पक्षों के बीच मारपीट, पिता-पुत्र सहित चार लोग घायल, पुलिस जांच में जुटी


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Anil kumar

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >