रजिस्ट्री के बाद भी मकान पर कब्जे का विवाद, खरीददार पर जानलेवा हमला

पुलिस की मौजूदगी में भी नहीं सुलझा मामला

पुलिस की मौजूदगी में भी नहीं सुलझा मामला रॉड से हमला कर किया घायल, सदर अस्पताल रेफर प्रतिनिधि, हिसुआ. हिसुआ में रजिस्ट्री किये गये मकान पर दोबारा कब्जा करने के विवाद में खरीददार पंकज कुमार के साथ मारपीट की गयी. पंकज कुमार नगर परिषद के काली स्थान के समीप निवासी दयानंद प्रसाद के पुत्र हैं. घायल अवस्था में उन्हें हिसुआ अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल रेफर किया गया. वहां उनका इलाज चल रहा है. बताया जाता है कि मामले को सुलझाने के लिए पुलिस भी पहुंची थी, लेकिन विवाद का समाधान नहीं हो सका. पंकज कुमार ने बताया कि मनोज कुमार जैन ने कुछ दिन पहले अपना मकान उन्हें रजिस्ट्री कर दिया था और सपरिवार बाहर चले गये थे. दो-तीन दिन पहले वे फिर से परिवार के साथ हिसुआ लौटे और बेचे गये मकान पर कब्जा करने की कोशिश करने लगे, लेकिन सफल नहीं हो सके. इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी थी. पंकज के अनुसार, जब वे घर बंद कर पटना गये थे, तभी मनोज जैन का परिवार बगल के घर के रास्ते उनके मकान में घुस गया और कब्जा जमा लिया. पटना से लौटने के बाद उन्होंने इसका विरोध किया और पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने के बावजूद उनका परिवार मकान पर काबिज रहा. आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद मनोज कुमार जैन के पुत्र संभव कुमार जैन ने पंकज कुमार पर रॉड से हमला कर दिया. पंकज कुमार ने मनोज कुमार जैन, उनकी पत्नी रितिका जैन और संभव कुमार जैन पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By UDAY KR BHARTI

UDAY KR BHARTI is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >