नवादा. वारसलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हैवतपुर गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय एक बार फिर असामाजिक तत्वों के निशाने पर आ गया है. बेखौफ चोरों ने विद्यालय भवन में घुसकर कक्षाओं में लगे कुल नौ सिलिंग पंखों की चोरी कर ली. जानकारी के अनुसार विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका अनिता कुमारी 28 अप्रैल से अवकाश पर थीं. जब वह विद्यालय पहुंचीं, तो कर्मियों ने उन्हें चोरी की घटना की जानकारी दी. निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कक्षाओं में लगे पंखे गायब हैं, जिन्हें अज्ञात चोरों ने बड़ी सफाई से खोलकर पार कर दिया. घटना से आक्रोशित प्रधानाध्यापिका ने सोमवार को वारसलीगंज थाना पहुंचकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी दो जनवरी को विद्यालय में मध्यान भोजन के लिए रखे दो गैस सिलेंडर, चूल्हा और लाइटर की चोरी हो चुकी है. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं. ग्रामीणों में भी इसको लेकर नाराजगी देखी जा रही है. लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो सरकारी संपत्तियां यूं ही चोरों के निशाने पर बनी रहेंगी. इधर, वारसलीगंज थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जायेगा. लेकिन इन सब के बीच बड़ा सवाल है कि आखिर कब तक स्कूल जैसी सार्वजनिक संस्थाएं चोरों के निशाने पर रहेंगी? और कब तक प्रशासन इन घटनाओं पर अंकुश लगाने में सफल होगा? नवादा से आशुतोष कुमार की रिपोर्ट
शिक्षा के मंदिर में चोरी, नौ पंखे उखाड़ कर ले गये चोर
उत्क्रमित मध्य विद्यालय एक बार फिर असामाजिक तत्वों के निशाने पर आ गया है.
