Nawada News: गोविंदपुर प्रखंड की भवनपुर पंचायत में मंगलवार को ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमार शैलेंद्र, सीओ पुष्पांजलि कुमारी समेत विभिन्न विभागों के प्रखंड स्तरीय अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे. बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं और विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन जमा किए.
अलग-अलग विभागों के लगाये गये स्टॉल
ग्रामीणों की सुविधा के लिए शिविर परिसर में विभिन्न विभागों के अलग-अलग स्टॉल लगाये गये थे. यहां सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, जाति एवं अन्य प्रमाण-पत्र, बिजली, स्वास्थ्य समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी गयी. ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के बारे में भी बताया गया.
नल-जल, गली-नाली और बिजली की समस्याएं प्रमुख
शिविर में सबसे अधिक आवेदन नल-जल योजना, गली-नाली और बिजली से संबंधित समस्याओं को लेकर मिले. ग्रामीणों ने पेयजल की समस्या, गली-नाली की बदहाल स्थिति और बिजली से जुड़ी परेशानियों को अधिकारियों के समक्ष रखा. अधिकारियों ने संबंधित विभागों के कर्मियों को मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
22 में 12 मामलों का मौके पर निष्पादन
सहयोग शिविर में कुल 22 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें से 12 मामलों का निष्पादन मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों पर संबंधित विभागों की ओर से आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गयी. अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि लंबित मामलों का भी नियमानुसार समाधान कराया जायेगा.
योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता
बीडीओ कुमार शैलेंद्र ने कहा कि सरकार की योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं का लाभ ग्रामीणों तक आसानी से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है. ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ती. एक ही स्थान पर उनकी समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों के माध्यम से समाधान कराने का प्रयास किया जाता है.
शिविर में 20 सूत्री क्रियान्वयन समिति की अध्यक्ष शोभा कुमारी, मुखिया मनोज कुमार, प्रमुख प्रतिनिधि गोरेलाल और पूर्व प्रमुख चंद्रिका प्रसाद समेत अन्य लोग मौजूद रहे. अधिकारियों ने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने की अपील की. शिविर के आयोजन से ग्रामीणों में उत्साह देखा गया और लोगों ने प्रशासन की पहल की सराहना की.
