Nawada News: जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालयों से संबंधित जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति (जीविका) की बैठक आयोजित की गई. बैठक में विद्यालयों एवं छात्रावासों के संचालन, विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता, शैक्षणिक गतिविधियों तथा जीविका के माध्यम से संचालित व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई.
निर्धारित मेनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन देने का निर्देश
बैठक के दौरान डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवासीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को निर्धारित मेनू के अनुसार पौष्टिक, गुणवत्तापूर्ण एवं समय पर भोजन उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने कहा कि भोजन की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए तथा मेनू का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए.
स्थानीय व्यंजनों को भी मिलेगा मेनू में स्थान
जिला परियोजना प्रबंधक (जीविका) ने बताया कि विद्यालयों में जीविका के माध्यम से नियमित रूप से निर्धारित मेनू के अनुसार नाश्ता और भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है. इस पर डीएम ने स्थानीय संस्कृति और पारंपरिक खान-पान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से समय-समय पर क्षेत्रीय व्यंजनों को भी मेनू में शामिल करने का निर्देश दिया.
छात्रावासों की सुविधाओं की भी हुई समीक्षा
बैठक में छात्रावासों की साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, नियमित उपस्थिति, अनुशासन और शैक्षणिक वातावरण की भी विस्तार से समीक्षा की गई. डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित करने और विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर आवासीय वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.
नियमित निरीक्षण कर सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश
जिला पदाधिकारी ने जिला कल्याण पदाधिकारी एवं जिला परियोजना प्रबंधक (जीविका) को संयुक्त रूप से विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने, भोजन की गुणवत्ता और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी करने तथा किसी भी कमी मिलने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
बैठक में उप विकास आयुक्त, सहायक समाहर्ता, जिला कल्याण पदाधिकारी, विद्यालय प्रबंधक तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.
