नवादा: बंद कमरे से दंपति का शव बरामद, आत्महत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

Nawada crime News : मृतकों की पहचान परमा निवासी बच्चू सिंह के लगभग 50 वर्षीय पुत्र सुबोध कुमार तथा उनकी पत्नी के रूप में हुई है.

नवादा से आशुतोष कुमार की रिपोर्ट
Nawada crime News : जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के परमा गांव में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बंद कमरे से चालक दंपति के दो शव बरामद किए गए. घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया, जबकि मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई.

मृतकों की पहचान परमा निवासी बच्चू सिंह के लगभग 50 वर्षीय पुत्र सुबोध कुमार तथा उनकी पत्नी के रूप में हुई है. सुबोध कुमार नवादा शहर के एक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान में वाहन चालक के रूप में कार्यरत थे.

पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह से ही सुबोध कुमार के घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था और काफी देर तक घर में किसी प्रकार की कोई हलचल नहीं दिखी. पड़ोसियों को जब अनहोनी की आशंका हुई तो उन्होंने इसकी सूचना तत्काल नारदीगंज थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में अंदर से बंद दरवाजे को बलपूर्वक खुलवाया.

इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए

दरवाजा खुलते ही कमरे का दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए. कमरे के भीतर चालक दंपति बेसुध अवस्था में पड़े मिले. दोनों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

घटना की सूचना मिलते ही गांव, आसपास के इलाके और मृतक के परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई. मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, इस रहस्यमयी घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं.

पुलिस दरवाजा तोड़कर शव को बरामद किया

इधर, देर शाम पुलिस अधीक्षक कार्यालय, नवादा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि अपराह्न चार बजे सूचना मिली थी कि परमा गांव में एक व्यक्ति के घर का मुख्य दरवाजा पूरी रात से बंद है और भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर अंदर से दो शव बरामद किए.

शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया. जांच के दौरान घर में जबरन प्रवेश के कोई निशान नहीं मिले. कमरे में किसी प्रकार की बाहरी छेड़छाड़ भी नहीं पाई गई. वहीं, दोनों शवों पर भी किसी तरह के बाहरी चोट अथवा हिंसा के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं.

एफएसएल टीम कर रही जांच

घटनास्थल की परिस्थितियों और प्रारंभिक जांच के आधार पर प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है. हालांकि, पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच तथा वैज्ञानिक अनुसंधान के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर हर पहलू की गंभीरता से जांच में जुटी है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का जल्द खुलासा किया जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajeev Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >