Bijli Vibhag : नवादा के पकरीबरावां प्रखंड मुख्यालय और धमौल बाजार में पिछले कई दिनों से चल रही लो वोल्टेज की समस्या अब लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है. हालात यह हैं कि शाम ढलते ही बिजली का वोल्टेज इतना गिर जाता है कि न घर का काम ठीक से हो पा रहा है और न ही बाजार की रफ्तार चल पा रही है. लगातार शिकायतों के बावजूद जब कोई ठोस सुधार नहीं हुआ, तो अब लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आने लगा है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली की स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है. पंखे सिर्फ नाम के लिए घूम रहे हैं, एलईडी बल्बों की रोशनी भी फीकी पड़ जा रही है. फ्रिज, कूलर, पानी की मोटर, वेल्डिंग मशीन और आटा चक्की जैसे जरूरी उपकरण सही तरीके से काम नहीं कर पा रहे हैं. इसका सीधा असर आम जीवन के साथ-साथ व्यापार पर भी पड़ रहा है.
Nawada News : व्यवसायियों की बढ़ी परेशानी, कामकाज पर पड़ा असर
धमौल बाजार के दुकानदारों ने बताया कि लो वोल्टेज के कारण दुकानें समय पर नहीं चल पा रही हैं. खासकर इलेक्ट्रॉनिक और मशीन से जुड़े कारोबारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है. कई बार मशीनें ठीक से चालू नहीं हो पातीं, जिससे ग्राहकों को भी इंतजार करना पड़ता है और व्यापार प्रभावित हो रहा है.
व्यवसायियों का यह भी कहना है कि लगातार कम वोल्टेज रहने से उनके उपकरण खराब होने का खतरा बना हुआ है. दूसरी ओर, भीषण गर्मी और उमस में घरों के हालात और खराब हो गए हैं. पंखे और कूलर ठीक से नहीं चलने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है.
शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह समस्या नई नहीं है. पिछले कई दिनों से बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन के माध्यम से लगातार जानकारी दी जा रही है. कई बार शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन न तो कोई टीम मौके पर पहुंची और न ही समस्या का स्थायी समाधान हुआ. इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है.
लोगों का यह भी आरोप है कि बिजली ऑफिस से ही पावर कम कर दिया जाता है, जिसके कारण लो वोल्टेज की समस्या पैदा हो रही है. हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन आम लोगों में इसको लेकर चर्चा तेज है.
7 दिन का अल्टीमेटम, नहीं सुधरा हाल तो होगा आंदोलन
कमरूलबारी धमौलवी, सतीश अग्रवाल, उपेंद्र सिंह, दिनेश कुमार, संतोष गुप्ता और अविनाश पासवान सहित कई आक्रोशित लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि अगले 7 दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे. उन्होंने साफ कहा कि जरूरत पड़ने पर प्रदर्शन, सड़क जाम और बिजली विभाग के कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा.
लोगों ने यह भी कहा कि समय पर बिजली बिल चुकाने के बावजूद उन्हें बेहतर सेवा नहीं मिल रही है, जो उपभोक्ताओं के साथ अन्याय है. अब लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है.
बिजली विभाग का पक्ष, जांच के बाद होगा समाधान
इस मामले में बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता अनिल कुमार भारती ने बताया कि इन दिनों धान रोपनी का काम शुरू हो गया है, जिसके कारण बिजली की मांग अचानक बढ़ गई है. इसी वजह से कुछ इलाकों में लो वोल्टेज की समस्या देखने को मिल रही है.
उन्होंने कहा कि विभाग की तकनीकी टीम को जांच के निर्देश दे दिए गए हैं. यदि जांच में ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड, लाइन में खराबी या अन्य तकनीकी कारण सामने आता है, तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने भरोसा दिलाया कि उपभोक्ताओं को जल्द ही बेहतर और सुचारु बिजली आपूर्ति देने का प्रयास किया जाएगा.
