Nawada News : राज्य अल्पसंख्यक आयोग की सदस्य अफरोजा खातून ने जिला अतिथि गृह में अधिकारियों के साथ बैठक कर अल्पसंख्यकों के लिए संचालित योजनाओं के कार्यान्वयन की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने गोविंदपुर प्रखंड के भवनपुर पंचायत स्थित भवनपुर गांव के कब्रिस्तान की घेराबंदी और जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत को गंभीरता से लिया. उन्होंने गोविंदपुर सीओ को कब्रिस्तान की जमीन की अविलंब मापी कराकर अवैध कब्जे वाले हिस्से को चिन्हित करने का निर्देश दिया.
योजनाओं के क्रियान्वयन की ली जानकारी
बैठक के दौरान आयोग की सदस्य ने अल्पसंख्यकों के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की स्थिति और उनके क्रियान्वयन की जानकारी अधिकारियों से ली. उन्होंने योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और समस्याओं के समाधान को लेकर आवश्यक निर्देश दिये.
अल्पसंख्यक छात्रावास का किया निरीक्षण
बैठक के बाद अफरोजा खातून अधिकारियों के साथ नगर स्थित अल्पसंख्यक छात्रावास पहुंचीं. उन्होंने छात्रावास की व्यवस्था का जायजा लिया और वहां रह रहे छात्रों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली. उन्होंने छात्रों से लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई करने की अपील की.
उन्होंने कहा कि छात्रावास में रहने वाले छात्रों को किसी प्रकार की समस्या हो तो इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों या आयोग को दें. उन्होंने सरकार की ओर से अल्पसंख्यक छात्रों को उपलब्ध करायी जा रही सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी.
समस्या होने पर आयोग से संपर्क करने की अपील
अफरोजा खातून ने छात्रों से कहा कि सरकारी सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी या परेशानी होने पर आयोग को इसकी जानकारी दी जा सकती है. उन्होंने छात्रों को पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने की सलाह दी.
मौके पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी, गोविंदपुर के बीडीओ, सीओ, प्रखंड श्रम पदाधिकारी और नवादा के श्रम पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे.
