Nawada News: नवादा जिले के कौआकोल प्रखंड के विभिन्न मध्य, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में 'साइबर स्मार्ट ट्यूजडे' कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान छात्र-छात्राओं को डिजिटल सुरक्षा और साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए गए.
सुरक्षित इंटरनेट और जिम्मेदार सोशल मीडिया उपयोग पर जोर
कार्यक्रम के दौरान कौआकोल थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, ऑनलाइन ठगी से बचाव, साइबर अपराध की पहचान, सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग तथा डिजिटल सुरक्षा के महत्वपूर्ण उपायों की विस्तार से जानकारी दी.
उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध कॉल, अनजान लिंक या ऑनलाइन लेन-देन के प्रति हमेशा सतर्क रहें और किसी भी प्रकार का साइबर अपराध होने पर बिना देरी किए तत्काल पुलिस या राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें.
जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनाने की पहल
थानाध्यक्ष ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक बनाना तथा उन्हें सुरक्षित और जिम्मेदार डिजिटल नागरिक के रूप में तैयार करना है.
इस अवसर पर इंटर विद्यालय कौआकोल के प्राचार्य श्याम कुमार वर्मा, शिक्षक संदीप कुमार, नरेश कुमार, अरुण कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं विद्यालय परिवार उपस्थित रहा.
