नवादा: साइबर अपराध दिवस पर छात्रों को सिखाए गए ऑनलाइन सुरक्षा के गुर, 1930 हेल्पलाइन की दी जानकारी

नवादा के रजौली इंटर विद्यालय में साइबर अपराध दिवस पर छात्रों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए गए. थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने साइबर सुरक्षा के महत्व पर जोर दिया और 1930 हेल्पलाइन की जानकारी दी.

Nawada News: नवादा जिले के रजौली इंटर विद्यालय में साइबर अपराध दिवस के अवसर पर छात्रों के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रजौली थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बच्चों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया. उन्होंने बताया कि आज पूरी दुनिया एक 'साइबर विलेज' बन चुकी है और स्मार्टफोन के बढ़ते उपयोग के साथ इसके खतरे भी काफी बढ़ गए हैं.

ऑनलाइन सेवाओं का सुरक्षित उपयोग और फर्जी लिंक से बचाव

कार्यक्रम के दौरान थानाध्यक्ष ने छात्रों से बातचीत कर यह जाना कि वे पढ़ाई, संचार, बैंकिंग और ऑनलाइन सेवाओं के लिए मोबाइल का किस प्रकार उपयोग करते हैं. इसके बाद उन्होंने छात्रों को फिशिंग, अज्ञात नंबरों और संदेहास्पद ईमेल के जरिए आने वाले फर्जी लिंक्स व संदेशों के प्रति सतर्क किया. उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे अनजान लिंक्स पर क्लिक करने से मोबाइल हैक हो सकता है और वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होना पड़ सकता है.

साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत 1930 पर करें शिकायत

बच्चों में साइबर जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से आयोजित इस सत्र में थानाध्यक्ष ने जोर देकर कहा कि यदि किसी के साथ भी कोई ऑनलाइन ठगी या साइबर फ्रॉड की घटना होती है, तो वे बिना देर किए तुरंत राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं. जितनी जल्दी शिकायत दर्ज कराई जाएगी, धोखाधड़ी की राशि की रिकवरी और कार्रवाई की संभावना उतनी ही अधिक होगी.

शिक्षक व विद्यालय परिवार रहा मौजूद

इस जागरूकता अभियान को सफल बनाने में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य आशुतोष प्रधान, लाइब्रेरियन शिक्षक संजीव रंजन, शिक्षक अखिलेश कुमार, वीणा कुमारी सहित कई शिक्षकों ने सहयोग किया और बच्चों के साथ स्वयं भी सतर्क रहने का संकल्प लिया.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Kr manish dev

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >