नवादा: काशीचक में कोचिंग के लिए निकली युवती रहस्यमय ढंग से लापता, परिजनों ने दर्ज कराई प्राथमिकी

नवादा जिले के काशीचक से एक युवती कोचिंग के लिए घर से निकली थी, जो रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई. परिजनों ने एक युवक पर उसे बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.

Nawada News: नवादा जिले के काशीचक प्रखंड अंतर्गत शाहपुर थाना क्षेत्र के नेपुरा गांव से कोचिंग के लिए घर से निकली एक युवती रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई. रोज की तरह निर्धारित समय पर कोचिंग जाने के लिए घर से निकली युवती जब देर शाम तक वापस नहीं लौटी, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई.

काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिजनों ने अपने स्तर से रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका.

युवक पर बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप

काफी खोजबीन के बावजूद जब युवती का पता नहीं चला, तो परिजन शाहपुर थाना पहुंचे और लिखित आवेदन देकर उसकी बरामदगी की गुहार लगाई. आवेदन में परिजनों ने एक युवक पर संदेह व्यक्त करते हुए आशंका जताई है कि उसने युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा लिया है. इसी आधार पर संबंधित युवक को नामजद करते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है.

पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की

परिजनों के आवेदन के आलोक में शाहपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर तफ्तीश कर रही है तथा युवती की सकुशल बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है और युवती की शीघ्र बरामदगी के प्रयास जारी हैं.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ashutosh kumar

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >