नवादा : जिले की विभिन्न समस्याओं को लेकर मंगलवार को दमन विरोधी सर्वदलीय संघर्ष मोरचा का प्रतिनिधि मंडल डीएम से मिल कर मांग पत्र सौंपा. पूर्व राज्यमंत्री राज बल्लभ प्रसाद के नेतृत्व में डीएम से मिलने गये लोगों ने समस्याओं पर ध्यान देने का आग्रह किया. मोरचा ने विभिन्न थानों के तहत हुई दंगा के पीड़ितों की सूची मांगा. साथ ही सभी प्रखंडों में पथ निर्माण का सूची सौंपा. जिसमें नवादा सदर, रोह, नरहट, अकबरपुर, रजौली व मेसकौर प्रखंड शामिल है.
उक्त प्रखंडों में महादलित टोलों व अन्य गरीब तबके के रहने वाले क्षेत्रों में सड़क नहीं है. जिसे निर्माण कराने की मांग की. मुख्यमंत्री सेतु निर्माण योजना के तहत रोह, अकबरपुर, रजौली, रजौली बाजार, खरांट व हिसुआ के विभिन्न पंचायतों में पुल-पुलिया बनाने का मांग किया. शहर में फुटपाथी दुकानदारों को स्थायी जमीन देने की मांग की. बरेव-गोविंदपुर पथ निर्माण कराने का मांग किया. डीएम ललन जी न उक्त मांगों के आलोक में बताया कि फतेहपुर से गोविंदपुर तक फरवरी माह से पथ निर्माण शुरू किया जायेगा. ककोलत जाने के लिए थाली से ककोलत तक पथ निर्माण किया जायेगा. फुटपाथी दुकानदारों पर उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य किसी को कष्ट पहुंचाना नहीं है. सड़क जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए यह कदम उठाया गया है.
उन्होंने कहा कि यह शहर काफी संकीर्ण है. इसलिए सड़क जाम से निजात दिलाना हमारा कर्तव्य भी है. इसके लिए ओढ़नपुर से पकरीबरावां पथ तक बाइपास निर्माण भी फरवरी माह से शुरू हो जायेगा. कुल नौ किलो मीटर के सड़क पर छह किलोमीटर बना हुआ है. तीन किलोमीटर कार्य करना है. गोविंदपुर फतेहपुर पथ पर एक सप्ताह में कार्य शुरू हो जायेगा. 10 फरवरी तक थाली से ककोलत तक प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से सड़क निर्माण का टेंडर कर लिया जायेगा. उन्होंने बताया कि नगर के कलाली रोड स्थित खुरी नदी पर 495 लाख की लागत से पुल निर्माण किया जा रहा है.
इसका निर्माण बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के द्वारा कराया जा रहा है. मोरचा के प्रतिनिधि मंडल में सचिव अनिल मेहता, सीपीआइ उमेश प्रसाद, अजरुन सिंह, रालोसपा के राजेंद्र प्रसाद, सपा के जियाउल हक अंसारी, भारत विकास मोरचा के मो रिजवान, तरूण राजवंशी, संजय कुशवाहा तथा मो सद्दाम आदि शामिल थे.
