Nawada Utpad Vibhag Raid : गोविंदपुर में उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जांच चौकी के समीप एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है. तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए शराब की बोतलों को अंडे के कार्टून में छिपाकर रखा था.
अंडे के कार्टून में छिपाकर ले जाई जा रही थी शराब
उत्पाद विभाग के एसआई अशोक कुमार और एएसआई दिलीप कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि झारखंड से बिहार में शराब की बड़ी खेप लाई जा रही है. इसके बाद जांच चौकी के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया. इसी दौरान संदिग्ध पिकअप को रोककर तलाशी ली गई.
Nawada News : 594 लीटर विदेशी शराब बरामद
तलाशी के दौरान अंडे के 66 कार्टून में छिपाकर रखी गई 375 एमएल की 1,584 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई. जब्त शराब की कुल मात्रा 594 लीटर बताई गई है. टीम ने शराब के साथ पिकअप वाहन को भी जब्त कर लिया.
चालक और कारोबारी गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान वाहन चालक अभिजीत कुमार (22 वर्ष) और कारोबारी बंटी कुमार (22 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया. दोनों झारखंड के कोडरमा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं. प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि शराब की खेप खगड़िया ले जाई जा रही थी.
उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई
उत्पाद विभाग ने दोनों आरोपितों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2016 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली है. विभाग का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
