प्रमाणपत्रों की जांच कराने पहुंचे अभ्यर्थी
नवादा : जिला पर्षद व नगर पर्षद उच्च माध्यमिक शिक्षक नियोजन के प्रमाण पत्रों की जांच के तीसरे दिन अभ्यर्थियों की काफी भीड़ दिखी. गांधी इंटर स्कूल में चल रहे प्रमाण पत्रों की जांच के लिए कई जिलों से सैकड़ों अभ्यर्थी पहुंचे थे. शनिवार को इतिहास विषय के अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों की जांच हुई.
इतिहास विषय के लिए कुल 964 आवेदन प्राप्त हुए है. सुबह से ही जिला पर्षद के तीन व नगर पर्षद के दो काउंटरों पर अभ्यर्थियों की लंबी–लंबी कतारें देखी गयी. पटना, मुजफ्फरपुर, छपरा, सीवान आदि जिलों से भी कई अभ्यर्थी पहुंचे थे.
बाहरी अभ्यर्थियों के आने से स्थानीय अभ्यर्थियों में थोड़ी परेशानी दिखी. गौरतलब है कि जिला पर्षद में इतिहास विषय के 69 व नगर पर्षद में आठ पद रिक्त है. प्रमाणपत्रों की जांच कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि शनिवार देर शाम तक प्रमाणपत्रों की जांच होगी.
