नवादा : बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता नंदकिशोर यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता को नीला (नीतीश-लालू) मॉडल स्वीकार नहीं है. बिहार विधान परिषद के चुनाव में एनडीए के पक्ष में लहर चल रही है. जदयू-राजद की सरकार ने जनप्रतिनिधियों को सम्मान देने के बजाय अपमानित करने का काम किया है.
इससे चुने हुए जनप्रतिनिधियों में नीतीश-लालू के खिलाफ आक्रोश है. ऐसे जनप्रतिनिधि अपमान का बदला लेने के लिए एनडीए के पक्ष में गोलबंद हो रहे हैं. प्रदेश में जातियों की सीमाएं टूट रही हैं.
वह गुरुवार को नवादा में विधान परिषद चुनाव को लेकर राजग प्रत्याशी के प्रचार के लिए आये थे. प्रेसवार्ता कर श्री यादव ने कहा कि नीतीश कुमार पिछले दो साल में विकास का ढोंग रच कर लालू प्रसाद के साथ बिहार में अपराध को बढ़ावा दे रहे हैं.
