नवादा कार्यालय. राजद जदयू गंठबंधन की घोषणा के बाद जिले में चुनावी गंठजोड़ की औपचारिक प्रक्रिया शुरू हुई है. रविवार को जदयू के विधान पार्षद प्रत्याशी सलमान रागीव उर्फ मुन्ना ने प्रदेश के पूर्व राज्य मंत्री राजबल्लभ प्रसाद से उनके आवास पर भेंट की.
समर्थकों के साथ जब सलमान रागीव का काफिला पत्थरा इंगिलश स्थित राजबल्लभ प्रसाद के आवास पर पहुंचा तो वहां लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. दो विपरीत दिशाओं में चलनेवाले तथाकथित प्रबल विरोधी ध्रुव के नेताओं को एक साथ होते देख लोगों को आश्चर्य हो रहा था. सलमान रागीब ने राजबल्लभ प्रसाद से पुराने गिला शिकवा को भूला कर चुनाव में पूरी तरह सहयोग करने की अपील की. साथ ही सोमवार को नामांकन के दौरान शामिल रहने की भी अपील की.
लगभग दो घंटे तक चले वार्तालाप में दोनों के बीच कई मुद्दों पर चर्चा हुई. राजबल्लभ प्रसाद ने कहा कि दोनों दलों के वरीय नेताओं से बात होने के बाद ही इस संबंध में कोई फैसला लिया जायेगा. उन्होंने नामांकन प्रक्रिया के दौरान अपनी उपस्थिति पर सहमति दी है. इस मौके पर राजद नेता अनिल मेहता,भदोखरा पंचायत के मुखिया अशोक यादव, विनय यादव, तौकीर शहंशाह, चांद मुखिया, इमत्याज अंसारी व रघुनाथ यादव सहित अनेक लोग मौजूद थे.
