नवादा : केंद्रीय संचार मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि बिहार के लोग नीतीश कुमार व लालू प्रसाद के नापाक गंठबंधन को स्वीकार न करें. यह उनके साथ भद्दा मजाक है. वह रविवार को विधानसभा क्षेत्रवार भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे.
मौके पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मंत्रलय संभालने पर पता चला कि विभाग आठ हजार करोड़ रुपये के घाटे में चल रहा है. वाजपेयी सरकार में 10 हजार करोड़ मुनाफे में था. उन्होंने बताया कि एक साल के दौरान विभाग में ढाई प्रतिशत का मुनाफा हो गया है. पूरे देश में अब तक बीएसएनएल के 47 लाख नये कनेक्शन जारी किये गये हैं.
दूरसंचार मंत्री बनने के बाद प्राथमिकता के आधार पर बीएसएनएल को सुधारने का काम किया जा रहा है. इनमें से 1250 बीटीएस (टावर) बिहार में व नवादा में 50 बीटीएस लगाने की योजना है.
उन्होंने बताया कि नवादा में अब तक 13 बीटीएस लगाये जा चुकेहैं. आगेभी उन्होंने सेवा को बेहतर बनाने की बात कही. प्रेसवार्ता के दौरान मंत्री ने अगस्त महीने से पोस्टल पेमेंट बैंक सेवा की शुरुआत करने की घोषण की. साथ ही, एक साल के भीतर ग्रामीण डाकघरों को भी सीबीएस से जोड़ कर उन्हें सशक्त बनाने पर जोर दिया.
