नवादा (नगर) : मैट्रिक के अहिंदी भाषी छात्र-छात्राओं की स्थगित परीक्षा जिले के 38 परीक्षा केंद्रों पर गुरुवार को हुई. 23 मार्च को पहली पाली में होनेवाली परीक्षा बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा स्थगित कर दी गयी थी.
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यह परीक्षा सभी परीक्षा केंद्रों पर हुई. प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय में 25 परीक्षार्थियों ने भाग लिया. केंद्राधीक्षक शिव कुमार प्रसाद ने कहा कि अहिंदी भाषी वैसे परीक्षार्थी जो संस्कृत के बदले राष्ट्रभाषा एनएलएच की परीक्षा देते हैं, उनके लिए यह परीक्षा आयोजित की गयी. जिला प्रशासन ने परीक्षा संचालन के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किये थे.
76 स्टैटिक दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी, 38 महिला दंडाधिकारी, 10 गश्ती दल व सात उड़नदस्ता की टीम डीएम ललन जी व एसपी परवेज अख्तर के संयुक्त आदेश से लगाये गये थे. कदाचार को रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों के आस-पास धरा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू किया गया था.
