जियो और जीने दो की उठी आवाज

नवादा (नगर) : अहिंसा व शांति के विश्व उद्घोषक जैन धर्म के 24 वें तीर्थकर भगवान महावीर की जयंती गुरुवार को श्रद्धा व भक्ति भाव से मनायी गयी. जयंती के मौके पर जैन समाज के लोगों द्वारा सुबह में प्रभातफेरी निकाली गयी. उसके बाद स्थानीय दिगंबर जैन मंदिर में भगवान महावीर की विशेष पूजा-अर्चना व […]

नवादा (नगर) : अहिंसा व शांति के विश्व उद्घोषक जैन धर्म के 24 वें तीर्थकर भगवान महावीर की जयंती गुरुवार को श्रद्धा व भक्ति भाव से मनायी गयी. जयंती के मौके पर जैन समाज के लोगों द्वारा सुबह में प्रभातफेरी निकाली गयी. उसके बाद स्थानीय दिगंबर जैन मंदिर में भगवान महावीर की विशेष पूजा-अर्चना व जलाभिषेक कार्यक्रम व मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण कर धार्मिक कार्यक्रमों की विधिवत शुरुआत की गयी. ध्वजारोहण के बाद दोपहर में जैन मंदिर से भगवान महावीर की भव्य रथ यात्रा निकाली गयी.
गाजे-बाजे व ध्वज पताकों के साथ निकाली गयी शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गो से गुजरी. शोभायात्रा में महावीर के संदेश जियो और जीने दो, अहिंसा परमो धर्म: जैसे दिव्य संदेशों को आम लोगों के बीच प्रसारित किया गया. प्राणियों के कल्याण के लिए शाकाहार को अपने व्यावहारिक जीवन में शामिल करने की अपील की गयी. भगवान महावीर के संदेशों को आकर्षक तख्तियों के माध्यम से भी प्रदर्शित किया गया था.
बैल के साथ जुड़े रथ पर भगवान महावीर की प्रतिमा के अलावा उनकी सेवा में लगे गण उपस्थित थे. शोभायात्रा में भगवान महावीर जयंती आयोजन समिति के संयोजक दीपक जैन के साथ अभय जैन, उदय जैन, भीम राय जैन, राजन जैन, मुकेश जैन टिंकू, पदम चंद जैन, विजय जैन, विनोद जैन, मनोज जैन, ज्ञानचंद जैन, लक्ष्मी जैन, ममता जैन, चंद्रा जैन, सुषमा जैन, मधु जैन, विनीता जैन, माया, कंचन, सुनीता, रजनी अनिता जैन सहित कई जैन धर्मावलंबी महिला-पुरुष व बच्चे शामिल थे. शाम में महावीर जैन मंदिर में भव्य महा आरती व भक्ति गीत के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. महावीर जयंती का कार्यक्रम हिसुआ व वारिसलीगंज में भी जैन धर्मावलंबियों द्वारा हर्षोल्लास के साथ मनाया गया.
कौआकोल प्रतिनिधि के अनुसार, भगवान महावीर की जयंती पूरे धूम-धाम से मनायी गयी. इस अवसर पर झांकी भी निकाली गयी. हालांकि, जिला प्रशासन द्वारा यह तय किया जा चुका था कि 2 अप्रैल को सभी जगह पशु व पक्ष की वधशालाएं बंद रहेगी. इसके साथ ही मांस मछली की दुकानें भी पूरी तरह से बंद रहेंगी. पर कौआकोल में इसका उल्लंघन किया गया है. जिससे प्रखंड वासियों में काफी आक्रोश है.
नारदीगंज प्रतिनिधि के अनुसार, भगवान महावीर की जयंती पर पेंशनर भवन में कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसकी अध्यक्षता पेंशनर समाज के प्रखंड अध्यक्ष रामधनी प्रसाद ने की. मौके पर सचिव श्रीकांत सिन्हा, मुंद्रिका प्रसाद सिंह, भुनेश्वर प्रसाद सिंह, कपिलदेव प्रसाद सिंह, लक्ष्मी पंडित, रघुनंदन प्रसाद यादव, फणिंद्र मिश्र, श्याम सुंदर प्रसाद सिंह आदि ने भगवान महावीर उपदेश की चर्चा की. उधर, नारदीगंज व बस्ती बिगहा बाजार में मुरगा व मछली की जम कर खरीदारी हुई. जिला प्रशासन ने इस अवसर पर मांसाहारी सामग्री को बेचने पर रोक लगाया गया था, बावजूद बाजारों में जम कर बिक्री हुई.
अकबरपुर प्रतिनिधि के अनुसार, महावीर जयंती के अवसर पर निरामिष दिवस मनाने की घोषणा की गयी थी. लेकिन, अकबरपुर, नेमदारगंज, फतेहपुर में सभी मांस, मछली की दुकानें खुली रही. पकरीबरावां प्रतिनिधि के अनुसार, यहां भी सभी मछली व मुरगा-मांस की दुकानें खुली रही.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >