पकरीबरावां : इन दिनों मुख्यालय के किसी भी स्थान पर न तो सरकारी स्तर पर पेयजल के लिए चापाकल की व्यवस्था है और न ही सरकारी पंप काम कर रहा है. गौरतलब है कि प्रखंड मुख्यालय में नलकूप विभाग की स्थापना सरकार द्वारा की गयी है. यहां कई कर्मचारी भी कार्यरत हैं. परंतु, इन कर्मचारियों को क्या काम है यह किसी को पता नहीं है.
मुख्यालय के कई स्थानों पर सरकारी नल लगा है. परंतु, वह 10 दिनों से बंद है. मुख्यालय के रेवार मोड़, वारिसलीगंज मोड़, मुख्य बाजार सहित कई स्थानों पर सरकारी नल से ही लोग अपनी प्यास बुझाते थे. परंतु, लालफीताशाही के कारण यह विभाग मृत प्राय साबित हो रहा है. राहगीर किस स्थान पर अपनी प्यास बुझाएंगे यह एक पहेली बन गयी है. यदि शीघ्र ही विभाग द्वारा इस ओर कोई ठोस पहल नहीं किया गया तो राहगीरों के सामने उमस भरी गरमी राह चलते प्यास बुझाना बड़ा ही मुश्किल हो जायेगा.
