मतदाता पहचान पत्र में सुधार के लिए चलेगा अभियान
12 अप्रैल को शिविर लगा कर जोड़े जायेंगे नये नाम
अप्रैल, मई, जून व जुलाई माह तक चलेगा अभियान
नवादा (नगर) : मजबूत लोकतंत्र सबकी भागीदारी के ध्येय वाक्य को लेकर काम करनेवाले भारत निर्वाचन आयोग द्वारा वोटर लिस्ट में अब लगातार सुधारात्मक अभियान शुरू किया गया है.
वोटर लिस्ट में अब मोबाइल नंबर का डाटाबेस तैयार किया जायेगा. इसके लिए वोटरों से विशेष शिविर में मोबाइल नंबर, इमेल, आधार संख्या आदि एकत्रित किया जायेगा. मोबाइल नंबर व इमेल आदि उपलब्ध हो जाने से निर्वाचन आयोग मतदाताओं को सीधे मतदान की तिथि, मतदाता सूची पुनरीक्षण सहित अन्य तरह की जानकारी आसानी से उपलब्ध करा सकेगा. इससे मतदाताओं को भी भागदौड़ कम करना पड़ेगा.
समूह का होगा गठन
सभी बूथों पर लगाये जाने वाले शिविर के प्रचार-प्रसार के लिए बीएलओ के साथ राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलओ, स्थानीय निकायों के प्रतिनिधि, मतदान केंद्र के अंतर्गत पड़ने वाले स्कूल कॉलेज के प्राचार्य व शिक्षक स्थानीय एनजीओ के सदस्यों आदि को जोड़ा जायेगा. डीआरडीए सभागार में हुई बैठक में डीडीसी रामेश्वर सिंह, एडीएम महर्षि राम, सदर एसडीओ राजेश कुमार, रजाैली एसडीओ अजय तिवारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी अविनाश चंद्रा, उप समाहर्ता अनिल कुमार, डीपीआरओ परिमल कुमार आदि मौजूद थे.
