20 मार्च तक पूरा होगा वार्षिक बजट बनाने का काम
नवादा (नगर) : सर्वशिक्षा अभियान का वार्षिक बजट आकार लगभग दो सौ करोड़ रुपये का होगा. वित्तीय वर्ष 2015-16 के लिए जिले का बजट बनाया जा रहा है. इसको लेकर बिहार शिक्षा परियोजना व सर्वशिक्षा अभियान के संभाग प्रभारी पटना में वार्षिक बजट को अंतिम रूप देने में जुटे हैं.
संभागवार योजना में खर्च होनेवाली राशि का ब्योरा जुटाया जा रहा है. एडीपीसी सुनील कुमार ने बताया कि 16 से 20 तारीख तक बजट को अंतिम रूप दे दिया जायेगा. सर्वशिक्षा अभियान के तहत नया विद्यालय भवन निर्माण, वेतन, पोशाक, छात्रवृत्ति राशि वितरण, प्रशिक्षण, वैकल्पिक शिक्षा, नि:शुल्क वितरित होने वाली किताबें, छात्र-छात्राओं के भ्रमण आदि पर होनेवाले खर्च के अनुसार बजट का निर्धारण होगा. गौरतलब है कि पिछले वर्ष एक सौ 70 करोड़ का वार्षिक बजट था. इसे इस बजट सत्र में बढ़ने की संभावना है. सर्वशिक्षा अभियान के डीपीओ चंद किशोर यादव ने कहा कि बजट को सही ढंग से खर्च किया जायेगा.
