नवादा सदर : पार नवादा निवासी विजय आर्य के पुत्र गोपाल कृष्ण ने पत्नी सहित अन्य ससुराल वालों के खिलाफ नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराया है. जानकारी के अनुसार, गोपाल की पत्नी सरिता देवी के साथ तीन वर्ष से अधिक समय से विवाद चल रहा है. पत्नी ने भी पति पर प्राथमिकी दर्ज करा कर दहेज में रुपये मांगने का आरोप लगाया है.
इस मामले में गोपाल दो बार जेल भी जा चुका है. मामला कोर्ट में चल रहा है. इसी केस में बुधवार को पति व पत्नी कोर्ट में हाजिर होने आये थे. एक -दूसरे को देख बाता-बाती शुरू हो गयी जो बाद में मारपीट तक पहुंच गयी. इसकी सूचना नगर थाने पुलिस को दी गयी. मौके पर पुलिस पहुंच कर दोनों पक्ष को थाने लायी.
यह पत्नी ने कहा कि हमे देखते ही पति ने थप्पड़ मारना शुरू कर दिया, जबकि पति ने थप्पड़ का दाग दिखते हुए बताया कि पत्नी सहित ससुर व अन्य परिजनों ने मिल कर मारपीट किया. इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष संजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि कोर्ट में ड्यूटी पर लगे पुलिस कर्मी ने फोन कर इसकी सूचना दी, जिसमें गोपाल के साथ मारपीट करने की बात कही गयी. गोपाल ने पत्नी सहित अन्य पर प्राथमिकी दर्ज करने का आवेदन दिया है.
