अकबरपुर : विलंब से स्कूल खोले जाने, छात्रवृत्ति वितरण में अनियमितता, मिड-डे मीन में मेनू का पालन नहीं होने आदि मामलों को लेकर उत्क्रमित मध्य विद्यालय बसकंडा में ताला बंद कर दिया गया है.
स्कूल में ताला बंद करने के घंटों बाद तक लोगों ने हंगामा किया. प्रभारी प्रधानाध्यापक सीमा कुमारी के विरुद्ध नारेबाजी की गयी. सूचना मिलते ही बीइओ उपेंद्र कुमार सिंह घटना स्थल पर पहुंचे. उन्होंने उग्र लोगों को समझा-बुझा कर हंगामा शांत करवाया व विद्यालय के ताले खुलवाये. बीइओ ने स्कूल की सभी आवश्यक पंजियों की जांच की.
साथ ही भविष्य में किसी भी तरह की घटना पर रोक लगाने की आवश्यकता बतायी. उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि आरोपों से संबंधित बिंदुओं की जांच कर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी. प्रभारी प्रधानाध्यापक सीमा कुमारी ने बताया कि दुश्मनी के कारण कुछ खास लोगों ने उनके विरुद्ध कई आरोप लगाये हैं. उन्होंने तमाम आरोपों को बेबुनियाद व झूठा बताया.
