जिला पदाधिकारी ने उपस्थित नव पंजीकृत मतदाताओं को नया फोटो पहचान पत्र दिया. बूथ नंबर 32 के काजल देवी, नीलम देवी, अनुराधा भारती, बूथ नंबर 33 के सुनिधी कुमारी, आनंद कुमार, राखी कुमारी व पूजा कुमारी सहित कई नव पंजीकृत मतदाताओं ने जिला पदाधिकारी के हाथों अपना वोटर आइ कार्ड पाकर फूले नहीं समा रहे थे. डीएम ने संक्षिप्त मतदाता पुनरीक्षण में उत्कृष्ट कार्य करनेवाले 12 बीएलओ को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया.
डीएम ने अपने संबोधन में कहा कि इस वर्ष मतदाता दिवस का मुख्य विषय वस्तु सहज पंजीकरण सहज संशोधन है. इस दिशा में जिला प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्य करेगा और यह सुनिश्चित करेगा कि लोगों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, सुधार करने हेतु अधिक से अधिक सहूलियत प्रदान किया जाये. उन्होंने कहा कि वोटरों की पंजीकरण में वृद्घि करना तथा मतदाताओं की निर्वाचन प्रक्रिया में प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करना मतदाता दिवस का मुख्य उद्देश्य है.
इसके पूर्व जिले के कई स्कूलों के छात्र-छात्रओं द्वारा मतदाता दिवस के अवसर पर विशाल जागरूकता रैली निकाली गयी. सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के प्रचार वाहन पर सांस्कृतिक दल के कलाकारों ने जागरूकता गीत गाकर लोगों का बरबस ध्यान आकृष्ट किया, वहीं जन-संपर्क विभाग के नुक्कड़ नाटक टीम द्वारा ‘बुधना चला ससुराल’ का मार्मिक मंचन गांधी इंटर विद्यालय में किया गया, जिसमें लोगों को वोट का महत्व के साथ-साथ निर्वाचन को महान पर्व के रूप में बताया गया.
