नवादा : मतगणना कार्य का असर सबसे अधिक बैंकिंग सेवा पर पड़ा है. बुधवार से ही 16 मई को होने वाले मतगणना कार्य के लिए बैंक सेवा आम लोगों के लिए बंद कर दी गयी है. लगन के समय में लगातार तीन दिन के लिए बैंक बंद होने से स्थिति काफी खराब हुई है. बुधवार को एसबीआइ की मुख्य शाखा में पहुंचे त्रिभुवन सिंह, रामेश्वर प्रसाद, मनोज कुमार आदि ने कहा कि बैंक में कोई कामकाज नहीं हो रहा है. शादी के लिए रुपये निकालने हैं, लेकिन मुख्य द्वार पर ही ताला लगा है.
कई लोगों को अपने सगे संबंधियों के यहां रुपये भेजने थे, लेकिन बैंक बंद रहने के कारण काम नहीं हो सका है. गौरतलब है कि 16 मई को होने वाले लोकसभा चुनाव के मतगणना कार्य में बैंक कर्मचारियों की ड्यूटी लगी है. बुधवार को कर्मचारियों का प्रशिक्षण होने के कारण बैंकिंग कार्य आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया था.
16 मई तक बैंकिंग सेवा इसी प्रकार प्रभावित होगी, जबकि 17 को शनिवार हाने के कारण हाफ डे ही रहेगा. उसके बाद रविवार की छुट्टी होगी. यानी कुल मिला कर देखे तो सोमवार से ही बैंकिंग सेवा नियमित रूप से शुरू हो पायेगी.
