कौआकोल : विभागीय नियमों के लंबे ताने-बाने को लेकर फिलहाल गर्भवती महिलाएं सरकारी अस्पतालों में प्रसव कराना पसंद नहीं कर रही हैं. सरकारी अस्पताल में प्रसव कराने पर मिलने वाली प्रोत्साहन राशि के लिए महिलाओं को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है.
इसका कारण है कि प्रोत्साहन राशि का भुगतान सीधे नहीं होकर बैंकों के जरिये होना. सबसे ज्यादा परेशानी उन महिलाओं को होती है, जो यहां की बेटी होती हैं. उनका वोटर आइ कार्ड नहीं रहने के चलते उनका खाता नहीं खुल पाता है. इस कारण उनको प्रसव की प्रोत्साहन राशि का लाभ नहीं मिल पाता है. अब ऐसी महिलाएं इस झंझट से बचने के लिए सरकारी अस्पतालों में न जा कर निजी क्लिनिकों को ही ज्यादा तरजीह देने लगी हैं.
इस संबंध में पीएचसी कौआकोल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मोहम्मद जुबैर ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में प्रसव कराने वाली महिलाओं को बैंक में खाता खुलवाना आवश्यक हो गया है. सरकार की तरफ से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि सीधे उनके खाते पर ही भेजी जा रही है.
