क्रीमी दूध के साथ बिहार में नमस्ते इंडिया की एंट्री, कंपनी करेगी 350 करोड़ रुपये का निवेश

Namaste India: नमस्ते इंडिया ने बिहार में क्रीमी ताजा दूध के साथ एंट्री की है. कंपनी राज्य में चरणबद्ध तरीके से 350 करोड़ रुपये का निवेश कर अपने डेयरी ढांचे को मजबूत करेगी. फुल क्रीम, स्टैंडर्ड और काउ मिल्क सहित अन्य उत्पाद भी उपलब्ध होंगे.

Namaste India: भारत के अग्रणी और तीव्र गति से विकसित हो रहे डेयरी ब्रांड्स में शामिल, आरएसपीएल समूह की इकाई नमस्ते इंडिया ने बिहार में अपने क्रीमी ताजा दूध की शुरुआत की है. यह पहल पूर्वी भारत में कंपनी के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है. इस विस्तार को 350 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश का समर्थन प्राप्त है, जिसका उद्देश्य राज्यभर में स्थानीय स्तर पर विकसित, सुव्यवस्थित और बड़े पैमाने के डेयरी ढांचे के माध्यम से उपभोक्ताओं को ताजा और उच्च गुणवत्ता वाला दूध उपलब्ध कराना है.

इस चरण के अंतर्गत, नमस्ते इंडिया बिहार में ताजा दूध के विभिन्न प्रकार प्रस्तुत करेगा, जिनमें फुल क्रीम मिल्क (परफेक्ट मजा), स्टैंडर्ड मिल्क (शक्ति प्लस) तथा काउ मिल्क शामिल हैं. ये उत्पाद 500 मिलीलीटर, 1 लीटर और 6 लीटर जैसे उपभोक्ता-अनुकूल पैक आकारों में उपलब्ध होंगे. दूध की आपूर्ति एक सुदृढ़ बहु-चैनल वितरण व्यवस्था के माध्यम से की जाएगी, जिसमें किराना स्टोर, रिटेल आउटलेट्स, मॉडर्न ट्रेड, संस्थागत चैनल और प्रत्यक्ष वितरक सम्मिलित होंगे. यह व्यवस्था पटना, गया, औरंगाबाद, नवादा सहित बिहार के लगभग 12 जिलों और शहरों तक विस्तारित होगी. कंपनी का उद्देश्य प्रतिस्पर्धी मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण दूध की सतत उपलब्धता सुनिश्चित करना है.

बिहार में नमस्ते इंडिया की संचालन प्रक्रिया कड़े गुणवत्ता मानकों पर आधारित है. इसमें बहु-स्तरीय परीक्षण प्रणाली, संपूर्ण कोल्ड-चेन प्रबंधन और स्वच्छता से जुड़े कठोर उपाय शामिल हैं, जिससे दूध की ताजगी और पोषण मूल्य खेत से उपभोक्ता तक सुरक्षित बना रहे. इस पहल से राज्य के लगभग 7–8 लाख दुग्ध किसानों और 2–3 लाख परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की संभावना है. प्रत्यक्ष खरीद व्यवस्था और न्यायसंगत मूल्य निर्धारण प्रणाली के माध्यम से कंपनी स्थानीय दुग्ध उत्पादकों को सशक्त बनाने तथा बिहार की ग्रामीण डेयरी अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य कर रही है.

इस अवसर पर प्रतिक्रिया जताते हुए आरएसपीएल समूह के मुख्य परिचालन अधिकारी (COO) मनोज अरोड़ा ने कहा “बिहार भारत के सर्वाधिक संभावनाशील डेयरी बाजारों में से एक है, जहां उपभोग की व्यापक संभावनाएं विद्यमान हैं. हाल के वर्षों में उपभोक्ताओं की प्राथमिकता ब्रांडेड, स्वच्छ और गुणवत्ता-सुनिश्चित दूध की ओर बढ़ी है. नमस्ते इंडिया इस आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए अपनी गुणवत्ता और ताजगी के मानकों के साथ बिहार में प्रवेश कर रहा है. आने वाले समय में हम झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के सात राज्यों में भी अपनी उपस्थिति को और विस्तार देने की योजना रखते हैं.”

नमस्ते इंडिया की अखिल भारतीय विकास रणनीति में बिहार को एक महत्वपूर्ण बाजार के रूप में देखा जा रहा है. इस शुरुआत के साथ कंपनी अब देश के 17–18 राज्यों में अपनी सेवाएं प्रदान कर रही है, जिससे एक राष्ट्रीय डेयरी ब्रांड के रूप में इसकी स्थिति और सुदृढ़ हुई है. राज्य में स्वच्छ और संगठित डेयरी उत्पादों की बढ़ती मांग को देखते हुए बिहार को देश के तेजी से उभरते डेयरी उपभोग बाजारों में शामिल किया जा रहा है. कंपनी अपने क्षेत्रीय-प्रथम डेयरी मॉडल के अंतर्गत पोषण, गुणवत्ता और स्थानीय स्रोतों से प्राप्त कच्चे माल के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है. नमस्ते इंडिया के पोर्टफोलियो में घी, मक्खन, मिल्कशेक, फ्लेवर्ड मिल्क, लस्सी, दही, पनीर, मिल्क पाउडर, ताज़ा क्रीम और कुकीज़ जैसे विविध डेयरी उत्पाद भी शामिल हैं, जिन्हें देशभर में उपभोक्ताओं का विश्वास प्राप्त है.

क्या है नमस्ते इंडिया

नमस्ते इंडिया, आरएसपीएल समूह का एकीकृत डेयरी ब्रांड है, जो दूध, दही, पनीर, घी, मक्खन और आइसक्रीम सहित ताजे और मूल्यवर्धित डेयरी उत्पाद पेश करता है. हर साल 2 करोड़ लीटर से अधिक दूध की बिक्री के साथ यह ब्रांड उत्तरी और पूर्वी भारत में प्रतिदिन 10 लाख घरों तक अपनी सेवाएं पहुंचाता है. यह ब्रांड उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली एनसीआर, बिहार, पंजाब, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, झारखंड, जम्मू और कश्मीर और असम सहित कई राज्यों में एक मजबूत वितरण नेटवर्क के माध्यम से काम कर रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >