मुजफ्फरपुर: विश्व साइकिल दिवस पर बोचहा में निकली रैली, 100 से अधिक लोगों ने लिया भाग

विश्व साइकिल दिवस पर बोचहा में आयोजित साइकिल रैली में 100 से अधिक लोगों ने भाग लिया. प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का संदेश देते हुए 10 किलोमीटर की यात्रा पूरी की. पढ़ें पूरी खबर…

मुजफ्फरपुर जिले के बोचहा प्रखंड से चंद्रभूषण कुमार की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा घोषित विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर बुधवार को मुजफ्फरपुर बाइसिकिल क्लब की गायघाट एवं बोचहा इकाई के संयुक्त तत्वावधान में भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया. रैली में 100 से अधिक साइकिल चालकों ने भाग लेकर स्वास्थ्य संवर्धन, पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का संदेश दिया.

स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देकर हुई शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत बोचहा प्रखंड के बुधौली गांव स्थित स्वतंत्रता सेनानी स्मारक पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस एवं राम सजीवन ठाकुर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई.

इसके बाद प्रतिभागी “स्वास्थ्य बचाओ, साइकिल चलाओ”, “पर्यावरण बचाओ, साइकिल चलाओ” और “साइकिल चलाओ, ईंधन बचाओ” जैसे नारों के साथ साइकिल यात्रा पर निकले.

कई गांवों से होकर गांधी आश्रम पहुंची रैली

साइकिल रैली बुधौली से शुरू होकर पराँती, घरभारा, उनसर और रामनगर होते हुए बाघाखाल स्थित गांधी आश्रम पहुंची, जहां यह रैली एक समारोह में परिवर्तित हो गई.

कार्यक्रम की अध्यक्षता हरिवंश सिंह ने की जबकि संचालन राघवेंद्र कुमार सिंह ने किया.

ग्रामीण क्षेत्र में बढ़ रही साइकिल संस्कृति

समारोह को संबोधित करते हुए मुजफ्फरपुर बाइसिकिल क्लब के अध्यक्ष आचार्य चंद्र किशोर पाराशर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में पहले ही आयोजन में 100 से अधिक लोगों की भागीदारी उत्साहजनक है. उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों ने कड़ी धूप में लगभग 10 किलोमीटर की यात्रा कर समाज को स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.

उन्होंने केंद्र सरकार से बिहार की प्रमुख सड़कों के किनारे साइकिल ट्रैक विकसित करने की मांग भी की, ताकि साइकिल चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.

प्रतिभागियों को मिला सम्मान

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया. रैली मार्ग में कई स्थानों पर ग्रामीणों ने साइकिल चालकों का शीतल जल, शरबत और लस्सी से स्वागत किया.

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शंकर पासवान, धर्मेंद्र कुमार चौधरी, सत्यनारायण चौधरी, गुड्डू तिवारी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.

क्लब के अध्यक्ष आचार्य चंद्र किशोर पाराशर ने बताया कि अब मुजफ्फरपुर शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी हर वर्ष विश्व साइकिल दिवस पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >