Muzaffarpur Bomb Scare: जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोल्हुआ पैगम्बरपुर वार्ड नंबर 10 में उस समय हड़कंप मच गया. जब एक रिहायशी मकान के मुख्य दरवाजे की सीढ़ी पर सुतली से बंधे दो संदिग्ध बम बरामद किए गए. घनी आबादी वाले इलाके में बम मिलने की इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे मोहल्ले के लोग गहरे खौफ और दहशत में हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए गृहस्वामी दिवाकर श्रीवास्तव ने अहियापुर थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अज्ञात बदमाशों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम (एक्सप्लोसिव एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है.
खुशी की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, परिजनों के उड़े होश
जानकारी के अनुसार. कोल्हुआ पैगम्बरपुर निवासी दिवाकर श्रीवास्तव के घर के बाहर सोमवार की शाम करीब 7:00 बजे यह संदिग्ध बम मिला. उनकी बेटी खुशी जब घर के मुख्य दरवाजे से किसी काम के लिए बाहर निकल रही थी. तभी उसकी नजर सीढ़ी पर रखी एक अजीब और संदिग्ध वस्तु पर पड़ी. जब उसने पास जाकर ध्यान से देखा. तो वहां सुतली से बंधे हुए दो शक्तिशाली बम जैसी चीजें दिखाई दीं. डरी-सहमी बेटी ने बिना देर किए तुरंत भागकर इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी. घर के ठीक दरवाजे पर बम होने की खबर सुनते ही परिवार के लोग दहशत में आ गए.
बाल्टी के पानी में डालकर निष्क्रिय किया गया बम
इसके तुरंत बाद गृहस्वामी दिवाकर श्रीवास्तव ने स्थानीय अहियापुर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम आनन-फानन में मौके पर पहुंची. एहतियात के तौर पर पुलिस ने दोनों संदिग्ध बमों को पानी से भरी एक बाल्टी में डाल दिया. ताकि किसी भी तरह के बड़े विस्फोट या खतरे को टाला जा सके.
अज्ञात पर विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज
अहियापुर थाने के इंस्पेक्टर शरत कुमार ने बताया कि पीड़ित दिवाकर श्रीवास्तव की लिखित शिकायत के आधार पर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ कानून के तहत मामला दर्ज किया है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी गहन जांच का जिम्मा दारोगा अभय कुमार को सौंपा गया है. पुलिस की टीम अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आखिर इस घनी आबादी वाले शांत इलाके में बम रखने के पीछे किस आपराधिक तत्व का हाथ है. और इसके पीछे उनका मुख्य मकसद क्या था. पुलिस आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ-साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है.
