50 रुपये लेकर मिर्जापुर से मुजफ्फरपुर पहुंचा आशिक, 5 साल पुराने इंस्टाग्राम प्यार के लिए खंगाला पूरा शहर

प्रेमी की दीवानगी ने 50 रुपये में 350 किलोमीटर का सफर तय कराया. इंस्टाग्राम पर शुरू हुई प्रेम कहानी के चक्कर में मिर्जापुर का एक खलासी मुजफ्फरपुर पहुंचा, लेकिन पैसे खत्म होने पर ऑटो चालक उसे थाने ले गया.

Instagram Love Story: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर का रहने वाला एक ट्रक खलासी अपने पांच साल पुराने प्यार को पाने की खातिर जेब में महज 50 रुपये रखकर करीब 350 किलोमीटर दूर बिहार के मुजफ्फरपुर पहुंच गया. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शुरू हुई इस प्रेम कहानी का खुमार युवक पर ऐसा चढ़ा कि उसने पैसों और दूरी की परवाह किए बिना अपनी प्रेमिका खुशबू की तलाश में सीधे मुजफ्फरपुर का रुख कर लिया. युवती मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है.

Social Media Love Affair: दोस्त से 150 रुपये मंगाकर दिनभर ऑटो से की तलाश

मुजफ्फरपुर पहुंचने पर जब जेब में रखे 50 रुपये खत्म हो गए, तो युवक ने गांव में मौजूद अपने एक दोस्त से ऑनलाइन 150 रुपये मंगवाए. इसके बाद उसने एक ऑटो किराए पर लिया. ऑटो चालक ने भी हमदर्दी दिखाते हुए दिनभर उसे साथ लेकर सरैया और आसपास के संभावित इलाकों में प्रेमिका खुशबू की तलाश में चक्कर काटे. हालांकि, पूरे इलाके की खाक छानने के बाद भी युवती का कोई सुराग नहीं मिल सका.

Mirzapur: किराए के पैसे खत्म होने पर सीधे थाने पहुंचा ऑटो

शाम होते-होते जब खोजबीन का कोई नतीजा नहीं निकला और युवक के पास ऑटो का किराया चुकाने के लिए भी पैसे नहीं बचे, तो बेबस ऑटो चालक उसे लेकर सीधे काजीमोहम्मदपुर थाने पहुंच गया. ऑटो चालक ने पूरी आपबीती पुलिस को सुनाई. इसके बाद पुलिस ने युवक से पूछताछ कर उसके परिजनों का नंबर हासिल किया और तुरंत घटना की जानकारी मिर्जापुर में उसके परिजनों को दी.

परिजनों ने पुलिस से कहा- खुशबू को पत्नी मान चुका है युवक

काजीमोहम्मदपुर पुलिस से फोन पर बात होते ही परिजनों ने राहत की सांस ली. परिजनों ने बताया कि वह खुशबू को मन ही मन अपनी पत्नी मान चुका है और उसकी इस सनक से पूरा परिवार परेशान है. परिजनों ने पुलिस से अनुरोध किया कि उसे थाने में ही बैठाकर रखें, वे लोग उसे घर वापस ले जाने के लिए मुजफ्फरपुर रवाना हो रहे हैं.

घर लौटने से किया इनकार, मुजफ्फरपुर में ही नौकरी करने की जिद

थाने में बैठा खलासी अब भी अपनी जिद पर पूरी तरह अड़ा हुआ है. उसका कहना है कि वह किसी भी कीमत पर वापस उत्तर प्रदेश नहीं जाएगा. वह मुजफ्फरपुर में ही कोई काम-धंधा या नौकरी तलाशेगा और यहीं रहकर खुशबू को खोज निकालेगा. फिलहाल काजीमोहम्मदपुर थाना पुलिस युवक को समझाकर शांत कराने और परिजनों के आने का इंतजार कर रही है.

यह भी पढ़ें... गरीबों के राशन पर डाका, मोतिहारी में ई-पॉस से गायब हुआ 705 क्विंटल अनाज

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंदन सिंह

चंदन सिंह बीते 12 सालों से क्राइम रिपोर्टिंग की दुनिया में सक्रिय हैं. 2016 से लगातार प्रभात खबर के साथ काम कर रहे हैं. इससे पहले दैनिक जागरण और भास्कर जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के लिये योगदान दे चुके हैं. क्राइम रिपोर्टिंग में इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज्म पर अधिक फोकस. पत्रकारिता में मास्टर्स की पढ़ाई की है.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >