मुजफ्फरपुर: ट्रैफिक पुलिस के 5.43 लाख ई-चालान पेंडिंग, करीब 6 करोड़ रुपये अटके, 12 को राष्ट्रीय लोक अदालत

मुजफ्फरपुर में ट्रैफिक पुलिस के 5.43 लाख ई-चालान लंबित हैं, जिनकी राशि करोड़ों में है. 12 सितंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में वाहन मालिक इन लंबित चालानों का निपटारा कर सकते हैं. जानिए क्या है पूरी स्थिति.

मुजफ्फरपुर: 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में लंबित ई-चालानों के निबटारे को लेकर परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. विभागीय आंकड़ों के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस के वर्ष 2021 से मई 2026 तक के 5 लाख 43 हजार 401 चालान पेंडिंग हैं. इन लंबित चालानों में करीब 6 करोड़ रुपये की राशि अटकी हुई है.

वहीं परिवहन विभाग के भी वर्ष 2019 से 2026 के बीच काटे गये चालानों में 19,691 चालान लंबित हैं. इनकी बकाया राशि करीब 28.46 करोड़ रुपये बतायी गयी है.

90 फीसदी से अधिक चालान कैमरे से कटे

ट्रैफिक विभाग के लंबित चालानों में 90 प्रतिशत से अधिक चालान शहर के रेडलाइट और प्रमुख चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से काटे गये हैं. इसके अलावा विभिन्न थानों की ओर से अपने-अपने क्षेत्रों में की गयी कार्रवाई के चालान भी इसमें शामिल हैं.

इनमें अधिकांश मामले बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाने से जुड़े हैं. लंबित चालानों के निबटारे के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत में वाहन मालिकों को मौका मिलेगा.

हादसे एनएच पर, चालान शहर में काटने पर उठ रहे सवाल

जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, जिले में 95 प्रतिशत से अधिक सड़क दुर्घटनाएं और मौतें एनएच पर होती हैं. इसके बावजूद ट्रैफिक विभाग की कार्रवाई का बड़ा हिस्सा शहर के रेडलाइट और प्रमुख ट्रैफिक सिग्नल पर केंद्रित है.

शहर के प्रमुख मार्गों पर दिनभर वाहनों की रफ्तार धीमी रहती है और लोग जाम से जूझते हैं. ऐसे में एनएच पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की तुलना में शहर के भीतर चालान काटने की रणनीति चर्चा का विषय बनी हुई है.

परिवहन विभाग के 19,691 चालान पेंडिंग

परिवहन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2019 से 2026 तक करीब 38 हजार चालान काटे गये हैं. इनमें 19,691 चालान अभी पेंडिंग हैं. इनकी कुल राशि करीब 28.46 करोड़ रुपये है.

लंबित चालानों की वसूली के लिए परिवहन विभाग ने संबंधित वाहनों को अपने सिस्टम में लॉक कर दिया है. इसके बाद वाहन मालिक धीरे-धीरे लंबित चालानों की राशि जमा कर रहे हैं.

परिवहन विभाग की ओर से अधिकांश चालान एनएच पर ओवरलोडिंग, परमिट, फिटनेस, टैक्स आदि में अनियमितता और नाबालिग द्वारा वाहन चलाने के मामलों में काटे गये हैं.

वर्षवार ट्रैफिक के लंबित चालान

  • 2021: 4
  • 2022: 12
  • 2023: 44,424
  • 2024: 1,60,486
  • 2025: 1,78,021
  • 2026 (मई तक): 1,60,454
  • कुल: 5,43,401

वर्षवार परिवहन विभाग के लंबित चालान

  • 2019: 47
  • 2020: 80
  • 2021: 317
  • 2022: 535
  • 2023: 2,304
  • 2024: 3,504
  • 2025: 5,991
  • 2026 (मई तक): 6,913
  • कुल: 19,691

यह भी पढ़ें

मुजफ्फरपुर: कापियों के बीच छिपाकर रखी थीं शराब की 360 बोतलें, ऑटो चालक गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar Gaurav

पत्रकारिता के क्षेत्र में 19 वर्षों का अनुभव रखने वाले कुमार गौरव वर्तमान में 'प्रभात खबर' में बतौर सीनियर रिपोर्टर कार्यरत हैं। वे परिवहन, बिजली, बाजार, खेल, बैंकिंग और विविध सामाजिक मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं और इन विषयों पर गहराई से रिपोर्ट करते हैं। घटनाओं की त्वरित एवं सटीक कवरेज (घटनात्मक रिपोर्टिंग) के साथ-साथ रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तैयार करते हैं। जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को सरल और असरदार भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी मुख्य पहचान है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >