ई-रिक्शा चुराकर भाग रहा चोर पकड़ाया, भीड़ ने खंभे से बांधकर की जमकर धुनाई

मुजफ्फरपुर में एक ई-रिक्शा को चोरी करने की कोशिश विफल हो गई. चालक की तत्परता और स्थानीय लोगों की सूझबूझ से चोर को रंगे हाथों पकड़ा गया. गुस्साए लोगों ने चोर की जमकर धुनाई की, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया.

Muzaffarpur Thief Caught: शहर के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पंकज मार्केट गोला रोड में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक शातिर चोर ने खड़े ई-रिक्शा पर हाथ साफ करने की कोशिश की.हालांकि, ई-रिक्शा चालक की तत्परता और स्थानीय मोहल्ले वासियों की सूझबूझ से चोर को रंगे हाथों पकड़ लिया गया.गुस्साए लोगों ने मौके पर ही चोर की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उसका इलाज अस्पताल में कराया जा रहा है.

पानी पीने गया था चालक, रिक्शा लेकर भागने लगा चोर

घटना के संबंध में बताया जाता है कि पंकज मार्केट रोड स्थित एक पूर्व विधायक के आवास के पास ई-रिक्शा चालक दिलीप कुमार टेकरीवाल किराए के मकान में रहता है.वह अपनी गाड़ी को सड़क किनारे खड़ी कर चंद पलों के लिए अपने कमरे में पानी पीने गया था.इसी बीच घात लगाए बैठे एक युवक ने ई-रिक्शा को स्टार्ट किया और उसे लेकर भागने लगा.कमरे से बाहर निकलते ही जब दिलीप ने अपनी गाड़ी गायब देखी और चोर को उसे ले जाते हुए पाया, तो उसने शोर मचाते हुए चोर के पीछे दौड़ लगा दी.

मोहल्ले वासियों ने खदेड़कर पकड़ा, नशे में धूत था आरोपी

चालक की आवाज सुनकर स्थानीय मोहल्ले वासी भी तुरंत हरकत में आ गए और चारों तरफ से घेराबंदी कर भाग रहे चोर को दबोच लिया.चोरी की इस घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने चोर की मौके पर ही जमकर धुनाई कर दी.सूचना मिलने के थोड़ी ही देर बाद स्थानीय थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ के चंगुल से चोर को घायल अवस्था में छुड़ाया.पुलिस ने आरोपी को तुरंत इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया है.स्थानीय लोगों के अनुसार, पकड़ा गया चोर स्मैक के नशे में पूरी तरह धूत था और उसने नशे की लत को पूरा करने के लिए ही इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया था.पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

ये भी पढ़ें:बारिश के बाद जलजमाव पर एक्शन में नगर निगम, ग्राउंड जीरो पर उतरेंगे अधिकारी



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >