मुजफ्फरपुर: स्पोर्ट्स बाइक पर मिला युवक का खून से लथपथ शव, सिर में गोली मारकर हत्या की आशंका

मुजफ्फरपुर में अपराधियों ने एक बार फिर बेखौफ होकर खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है. अहियापुर थाना क्षेत्र में स्पोर्ट्स बाइक पर एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई. पुलिस ने प्रथम दृष्टया गोली मारकर हत्या की आशंका जताई है.

Muzaffarpur crime: मुजफ्फरपुर में अपराधियों ने एक बार फिर बेखौफ होकर खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. अहियापुर थाना क्षेत्र के कोल्हा पैगंबरपुर स्थित हरि साह चौक से आगे विशहर स्थान के पास चौड़ में खड़ी एक स्पोर्ट्स बाइक पर युवक का खून से लथपथ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.सुबह शव दिखते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

किराये के मकान में रहता था मृतक, पुराने विवाद की बात आई सामने

मृतक की पहचान मोतीपुर निवासी 30 वर्षीय राकेश कुमार (पिता फगुनी भगत) के रूप में हुई है. वह गांधी नगर में किराये के मकान में रहकर काम करता था. परिजनों के अनुसार, राकेश का स्थानीय कुछ युवकों से लंबे समय से विवाद चल रहा था. कुछ दिन पहले इसी विवाद को लेकर उसकी बेरहमी से पिटाई भी की गई थी, जिसके बाद उसका इलाज एसकेएमसीएच (SKMCH) में कराया गया था.


आखिरी कॉल पर बोला- "सब लोग मुझे मार रहे हैं...

मृतक के छोटे भाई अर्जुन कुमार ने बताया कि राकेश सुबह घर से निकला था. रात करीब 8 बजे उससे सामान्य बात हुई थी, लेकिन उसके बाद उसका फोन बंद आने लगा. इसके बाद रात करीब 10 बजे राकेश ने अपनी भाभी के मोबाइल पर कॉल किया. उसने हड़बड़ी में सिर्फ इतना कहा, "सब लोग मुझे मार रहे हैं..." और फिर कॉल कट गया. इसके बाद उससे कोई संपर्क नहीं हो सका और सुबह पुलिस के जरिए उसकी मौत की सूचना मिली.

एफएसएल टीम बुलाई गई, जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा भी घटनास्थल पर पहुंचीं. पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया है.

एसडीपीओ विनीता सिन्हा ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक के सिर में गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजनों ने पुराने विवाद को ही हत्या की वजह बताया है. पुलिस सभी पहलुओं पर गहराई से जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sumit Kumar

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >