मुजफ्फरपुर से ललितांशु की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: सोनपुर रेलमंडल के छोटे स्टेशनों पर यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है. अब बड़े स्टेशनों की तर्ज पर छोटे स्टेशनों पर भी यात्रियों को खाने-पीने और पढ़ने की बेहतर सुविधा मिलेगी. रेलवे ने कुढ़नी, गोरौल सहित वैशाली रेलखंड और हाजीपुर रूट के 12 से अधिक छोटे स्टेशनों पर कैटरिंग व बुक स्टॉल की सुविधाएं शुरू करने का निर्णय लिया है. इसके तहत इन स्टेशनों पर खान-पान की चीजों से लेकर किताबों व पत्रिकाओं की बिक्री के लिए लघु स्टॉल संचालित किए जाएंगे. सोनपुर रेलमंडल ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया की तैयारियां तेज कर दी हैं .
यात्रियों को मिलेगी राहत, अब नहीं होना पड़ेगा परेशान
अक्सर देखा जाता था कि बड़े स्टेशनों की तुलना में छोटे स्टेशनों पर इन बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी रहती थी, जिससे यात्रियों को पानी, चाय और नाश्ते के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ता था. रेलवे के इस कदम से अब छोटे स्टेशनों पर भी यात्रियों को पेयजल, चाय-नाश्ता व पैक्ड फूड आइटम के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा. अधिकारियों के अनुसार, वैशाली रेल खंड के भी कई अहम छोटे स्टेशनों को इस सूची में शामिल किया गया है, जिससे इस रूट के यात्रियों को सीधा फायदा होगा .
स्थानीय स्तर पर रोजगार के भी मिलेंगे नए मौके
सोनपुर रेलमंडल द्वारा निकाली जा रही इस टेंडर की अवधि पांच वर्ष की होगी. इस प्रक्रिया के पूरा होते ही चयनित स्टेशनों पर स्टॉल आवंटित कर दिए जाएंगे. इस योजना से न केवल यात्रियों का सफर आसान और आरामदायक होगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर बेरोजगार युवाओं को रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे. रेलवे का फोकस यात्रियों को शुद्ध और स्वच्छ खाद्य पदार्थ मुहैया कराने पर है
