Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में बेखौफ बदमाशों का तांडव, महिला ज्वेलर्स की स्कूटी से 5 लाख के गहने उड़ाए

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के बालूघाट में पल्सर सवार बदमाशों ने गणपति ज्वेलर्स की मालकिन कंचन देवी की स्कूटी से 5 लाख के जेवरात और 70 हजार रुपये उड़ाए. महज 14 सेकेंड की यह वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है.पढ़ें पूरी खबर...

मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र से दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है.बालूघाटढुलानी पर बेखौफ बदमाशों ने एक महिला आभूषण व्यवसायी की स्कूटी की डिक्की तोड़कर 5 लाख रुपये के जेवरात और 70 हजार रुपये की नकदी उड़ाली. घटना बुधवार की देर शाम करीब 7:32 बजे की है. पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.

पति के निधन के बाद खुद संभालती हैं ज्वेलरी शॉप

जानकारी के अनुसार, बालूघाट न्यू कॉलोनी (रोड नंबर 4) की रहने वाली कंचन देवी का बालूघाट बांध पर ‘गणपतिज्वेलर्स’ नाम का शोरूम है. पति संतोष साह की मृत्यु के बाद कंचन देवी खुद ही इस दुकान का संचालन करती हैं. रोजाना की तरह बुधवार शाम करीब सवा सात बजे वे दुकान बंद कर कीमती आभूषणों को स्कूटी की डिक्की में रखकर घर के लिए निकली थीं. कुछ अन्य सामान उन्होंने एक झोले में रखकर हैंडल के नीचे हैंगर में टांग दिया था.

मसाला खरीदने रुकीं और हो गई वारदात

घर लौटने के दौरान कंचन देवी बालूघाटढुलानी के पास एक किराना दुकान के बाहर स्कूटी खड़ी करके गरम मसाला खरीदने चली गईं. इसी बीच लाल रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो अपराधी वहां पहुंचे. बाइक पर पीछे बैठा सफेद शर्ट पहना बदमाश नीचे उतरा. उसने महज 14 सेकेंड के भीतर स्कूटी की सीट को पीछे से दो बार जोर से खींचा, जिससे डिक्की खुल गई. बदमाश ने डिक्की से सोने के जेवरात का झोला निकाला और भागने लगा, तभी बाइक सवार उसके साथी ने हैंडल पर लटके दूसरे झोले की तरफ इशारा किया. बदमाश ने मुड़कर वह झोला भी उड़ा लिया और दोनों फरार हो गए.

दुकान से ही पीछा कर रहे थे बदमाश, पुलिस जांच में जुटी

सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की प्रारंभिक छानबीन से साफ हुआ है कि शातिर अपराधी कंचन देवी की दुकान से ही उनका पीछा कर रहे थे. वे सही मौके के इंतजार में थे और जैसे ही महिला स्कूटी खड़ी कर दुकान में गईं, अपराधियों ने तुरंत हाथ साफ कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही सिकंदरपुर थानेदार दुखी महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दुकानदारों के बयान दर्ज किए. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों को चिह्नित कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >