Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले से घरेलू हिंसा और प्रताड़ना की एक रूह कँपा देने वाली वारदात सामने आई है. बोचहां थाना क्षेत्र के चौमुख गांव की रहने वाली एक विवाहिता को बेरहमी से पीटने के बाद कमरे में बंद कर पेट्रोल छिड़क कर जिंदा जलाने की कोशिश की गई. इस खौफनाक मामले को लेकर पीड़िता ने महिला थाने में न्याय की गुहार लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है. इसमें पति हिमांशु ओझा समेत ससुराल के अन्य सदस्यों को नामजद आरोपी बनाया गया है. पुलिस मामले की गहन छानबीन में जुट गई है.
अंतरजातीय विवाह के बाद से मिल रही थी प्रताड़ना
पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि वर्ष 2024 में उसने हिमांशु ओझा से पसंद का अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था. लेकिन शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले रंग बदलने लगे. वे लोग दहेज के रूप में एक नई मोटरसाइकिल और व्यवसाय शुरू करने के लिए पांच लाख रुपये की लगातार मांग कर रहे थे. मांग पूरी न होने पर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से गंभीर प्रताड़ित किया जाने लगा.
112 डायल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाई जान
पीड़िता के अनुसार, बीते 14 अप्रैल को आरोपियों ने पहले उसका गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की. जब इसमें नाकाम रहे, तो एक सोची-समझी साजिश के तहत उसे कमरे में बंद कर दिया और ऊपर से पेट्रोल छिड़क कर आग लगाने का प्रयास किया. इस बीच पीड़िता ने किसी तरह छिपकर अपने पिता राजेश साह को फोन पर आपबीती सुनाई. पिता ने बिना वक्त गंवाए बोचहाँ थाना और 112 डायल पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे पिता ने बंद कमरे का दरवाजा तुड़वाकर बेटी को सुरक्षित बाहर निकाला.फिलहाल पीड़िता का इलाज गंभीर स्थिति में चल रहा है. महिला का यह भी आरोप है कि ससुराल वालों ने उसके सारे सोने-चांदी के जेवर और भविष्य से जुड़े शैक्षणिक प्रमाण पत्र (डॉक्यूमेंट्स) भी जबरन छीन लिए हैं. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
