मुजफ्फरपुर से कुमार दीपू की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में पड़ रही भीषण गर्मी अब लोगों की सेहत पर भारी पड़ने लगी है. तापमान बढ़ने और उमस भरे मौसम के कारण त्वचा संबंधी बीमारियों के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं. अस्पतालों में इन दिनों चर्म रोग विभाग की ओपीडी मरीजों से भरी नजर आ रही है. लोग खुजली, घमौरियां, एलर्जी और सनबर्न जैसी समस्याओं को लेकर इलाज कराने पहुंच रहे हैं.
चर्म रोग विभाग में बढ़ी मरीजों की भीड़
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार हर दिन करीब 20 से 25 नए मरीज त्वचा से जुड़ी शिकायतें लेकर पहुंच रहे हैं. डॉक्टरों का कहना है कि सामान्य दिनों की तुलना में गर्मी बढ़ते ही मरीजों की संख्या लगभग दोगुनी हो गई है. तेज धूप और लगातार पसीना आने से संक्रमण का खतरा बढ़ गया है.
धूप और पसीना बना बड़ी वजह
चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. आर.एन. शर्मा ने बताया कि गर्मी में त्वचा पर बैक्टीरिया और फंगस तेजी से फैलते हैं. लंबे समय तक धूप में रहने से सनबर्न, एलर्जी और स्किन इन्फेक्शन की समस्या बढ़ रही है. खासकर दोपहर के समय तेज धूप शरीर और त्वचा दोनों के लिए नुकसानदायक साबित हो रही है.
डॉक्टरों ने दी सावधानी बरतने की सलाह
डॉक्टरों ने लोगों से सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक तेज धूप में बाहर निकलने से बचने की अपील की है. जरूरी होने पर सूती कपड़े पहनने, चेहरे को ढकने और छाते या चश्मे का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है.
पानी और साफ-सफाई पर दें ध्यान
विशेषज्ञों ने कहा कि शरीर में पानी की कमी नहीं होने दें. दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी, नींबू पानी और नारियल पानी पीते रहें. साथ ही दिन में कम से कम दो बार स्नान करें और पसीने वाले कपड़ों को दोबारा बिना धोए इस्तेमाल न करें. डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि त्वचा पर दाने, खुजली या एलर्जी होने पर बिना सलाह कोई क्रीम या दवा न लगाएं. ऐसी स्थिति में तुरंत डॉक्टर से संपर्क कर सही इलाज कराना जरूरी है.
