Muzaffarpur News: शहर के प्रतिष्ठित आरडीएस कॉलेज में आगामी 11 मई को एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन होने जा रहा है. यह सेमिनार स्नातकोत्तर उर्दू विभाग के तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा. सेमिनार का मुख्य विषय ‘मंटो के किरदारों की नफसीयात’ (मंटो के पात्रों का मनोविज्ञान) रखा गया है. इस आयोजन के माध्यम से प्रसिद्ध साहित्यकार सआदत हसन मंटो की कहानियों और उनके पात्रों के विभिन्न मनोवैज्ञानिक पहलुओं पर चर्चा की जाएगी.
12 सदस्यीय कोर कमेटी का गठन
प्राचार्य प्रो शशि भूषण कुमार के नेतृत्व में सेमिनार के सुचारू संचालन के लिए 12 सदस्यीय कोर कमेटी का गठन किया गया है. प्राचार्य ने बताया कि यह कमेटी मंच प्रबंधन, स्वागत, तकनीकी सहायता, पेपर प्रेजेंटेशन और मीडिया प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की निगरानी करेगी. आयोजन सचिव के रूप में उर्दू विभागाध्यक्ष डॉ मो हसन रजा को जिम्मेदारी सौंपी गई है. कार्यक्रम में डॉ रमेश प्रसाद गुप्ता, डॉ एम एन रजवी और डॉ सौरभ राज सहित कई अन्य शिक्षक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.
कुलपति डॉ दिनेश चंद्र राय होंगे शामिल
इस एक दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार में बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ दिनेश चंद्र राय ने शामिल होने की अपनी सहमति दे दी है. आयोजन सचिव डॉ हसन रजा ने बताया कि इस संगोष्ठी में देश भर से उर्दू भाषा के विद्वान, मशहूर शायर और शोधार्थी हिस्सा लेंगे. यह आयोजन अकादमिक दृष्टिकोण से शोधार्थियों के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होगा. कार्यक्रम को लेकर कॉलेज परिसर में तैयारियां जोरों पर हैं और मीडिया प्रबंधन के लिए डॉ ललित किशोर को विशेष जिम्मेदारी दी गई है.
मुजफ्फरपुर से ललितांशु कुमार की रिपोर्ट
