Muzaffarpur: औराई में तेज रफ्तार बाइक का कहर, महिला की दर्दनाक मौत

मुजफ्फरपुर के औराई में तेज रफ्तार बाइक ने सड़क पार कर रही महिला को कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई. हादसे के बाद चालक बाइक छोड़कर फरार हो गया. पढ़ें पूरी खबर...

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात तेज रफ्तार बाइक का कहर देखने को मिला. सीतामढ़ी-मुजफ्फरपुर एनएच पर बेदौल गांव के पास सड़क पार कर रही एक महिला को बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई. घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है.

सड़क पार करने के दौरान हुआ हादसा

मृतका की पहचान बेदौल बभनोचा टोला निवासी 50 वर्षीय उर्मिला देवी, पति शिवजी राय के रूप में हुई है. स्थानीय समाजसेवी संजय राय ने बताया कि उर्मिला देवी शनिवार रात अपने डेरा (खलिहान) से काम निपटाकर घर लौट रही थीं.

इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने उन्हें सामने से टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं.

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत इलाज के लिए एसकेएमसीएच ले जाया गया. हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

बाइक छोड़कर फरार हुआ चालक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद बाइक सवार अपनी गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

बताया जा रहा है कि मृतका के दो बेटे और एक अविवाहित बेटी है. गांव में शव पहुंचते ही मातमी सन्नाटा पसर गया. बाद में स्थानीय रीति-रिवाज के अनुसार उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया.

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस छोड़ी गई बाइक के आधार पर आरोपी चालक की पहचान करने में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

मुजफ्फरपुर के औराई थाना से फिरोज अख्तर की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >